मंदार के अष्टकमल मंदिर में हुई विष्णु-लक्ष्मी की पूजा, मधुसूदन मंदिर में 5 बजे खुले पट, 31 अक्तूबर तक विशेष पूजा

मंदार पर्वत की तराई में स्थित अष्टकमल मंदिर और भगवान मधुसूदन मंदिर में शुक्रवार को श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा. भक्तों ने परिवार की सुख-समृद्धि के लिए पूजा-अर्चना की. 31 अक्टूबर तक विशेष दिनचर्या जारी रहेगी.

विश्व प्रसिद्ध मंदार पर्वत की तराई स्थित पापहारिणी सरोवर के अष्टकमल मंदिर में शुक्रवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. भक्तों ने भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि की मंगलकामना की. वहीं मंदार स्थित भगवान मधुसूदन मंदिर में भी सुबह से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही लगी रही और विधिवत पूजा-अनुष्ठान संपन्न हुआ.

अष्टकमल मंदिर में सुबह से भक्तों की भीड़

पापहारिणी सरोवर में स्थित अष्टकमल मंदिर में शुक्रवार सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया. भक्तों ने भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी के दर्शन कर विधिपूर्वक पूजा-अर्चना की. पूरे दिन मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा. श्रद्धालुओं ने अपने परिवार की खुशहाली, सुख-शांति और समृद्धि के लिए भगवान से प्रार्थना की.

सुबह 5 बजे खुले मधुसूदन मंदिर के पट

मंदार स्थित भगवान मधुसूदन मंदिर का पट शुक्रवार को अहले सुबह 5 बजे श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया. पट खुलते ही भक्तों ने दर्शन-पूजन शुरू कर दिया. सुबह 7:30 बजे भगवान की आरती पूजा संपन्न हुई. मंदिर के पुजारी विंदेश्वरी उर्फ पटल झा और लक्ष्मण झा सहित अन्य पुजारियों ने भगवान मधुसूदन की नित्य क्रियाएं विधिवत संपन्न करायीं.

31 अक्तूबर तक जारी रहेगी विशेष दिनचर्या

मंदिर के पुजारी ने बताया कि आगामी 31 अक्तूबर तक भगवान मधुसूदन की विशेष दिनचर्या विधिवत जारी रहेगी. प्रतिदिन भगवान को पंचामृत से स्नान कराया जाएगा. इसके बाद चंदन लेपन के साथ विधिपूर्वक पूजा-अर्चना होगी. दोपहर 12 बजे चावल, दाल, सब्जी सहित विभिन्न व्यंजनों का भोग भगवान को अर्पित किया जाएगा.

शाम को होगा भव्य शृंगार, रात 8:30 बजे बंद होंगे पट

शाम 6:30 बजे भगवान मधुसूदन पुन: श्रद्धालुओं को दर्शन देंगे. इस दौरान भव्य श्रृंगार पूजा होगी. रात्रि में पूड़ी, दूध, चीनी, काजू, किशमिश, पेड़ा सहित विभिन्न मिष्ठानों का भोग लगाया जाएगा. इसके बाद रात 8:30 बजे मंदिर का पट बंद कर दिया जाएगा. विशेष पूजा-अनुष्ठान को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह बना हुआ है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By चंदन कुमार

चंदन कुमार बांका में प्रिंट माध्यम में 15 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >