सुबह 5 बजे खुले मंदिरों के पट, गंगाजल से श्रीगणेश जी का किया गया अभिषेक और लड्डुओं का लगा भोग

Ganesh Puja Banka : बांका के विभिन्न मंदिरों में गणेश चतुर्थी पर विशेष पूजा और महाआरती का आयोजन किया गया. श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा कर सुख-समृद्धि की कामना की.

Ganesh Puja Banka : बुधवार सुबह जिलेभर के प्रमुख मंदिरों में भगवान श्रीगणेश के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. मंदिरों के पट सुबह पांच बजे खुलते ही भक्तों ने पूरे श्रद्धाभाव के साथ भगवान गणेश का पूजन किया. गंगाजल से भगवान का पवित्र अभिषेक किया गया और लाल सिंदूर, अक्षत, गेंदा के फूल, लड्डू तथा मौसमी फलों का भोग अर्पित किया गया. धूप, दीप और घी से आरती के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया.

गणपति की आराधना से सुख-समृद्धि की कामना

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार भगवान श्रीगणेश की सच्चे मन से पूजा करने से जीवन के सभी विघ्न दूर होते हैं और घर में सुख, समृद्धि तथा खुशहाली का आगमन होता है. इसी विश्वास के साथ श्रद्धालुओं ने परिवार की मंगलकामना और जीवन में सफलता की प्रार्थना की. मंदिरों में दिनभर श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहा और पूरा वातावरण भक्ति रस में डूबा दिखाई दिया.

भयहरण स्थान और पंचमुखी मंदिर में विशेष अनुष्ठान

शहर के भयहरण स्थान, बाबूटोला स्थित पंचमुखी मंदिर, पुरानी ठाकुरबाड़ी, शनि मंदिर सहित अन्य प्रमुख देवालयों में विशेष पूजा-अर्चना आयोजित की गई. भयहरण स्थान के पुजारी दिनेश झा ने बताया कि भगवान शिव, माता पार्वती और भगवान गणेश की विशेष पूजा की गई. श्रद्धालुओं ने विधिवत पूजा कर परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की.

महाआरती में गूंजे जयकारे

संध्या समय विभिन्न मंदिरों में महाआरती का आयोजन होगा, जिसमें शहर के अलग-अलग मोहल्लों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे. 'जय श्री गणेश' और 'हर-हर महादेव' के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठेगा.

मंदार के मधुसूदन मंदिर में भी रही श्रद्धा की छटा

मंदार स्थित प्रसिद्ध मधुसूदन मंदिर में भी पूर्व की भांति नियमित पूजा-अर्चना संपन्न हुई. सुबह से शाम तक श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा. संध्या आरती के बाद प्रसाद वितरण के साथ धार्मिक कार्यक्रम संपन्न होगा..


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By चंदन कुमार

चंदन कुमार बांका में प्रिंट माध्यम में 15 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >