कटोरिया में 42 टीबी मरीजों को मिला निक्षय पोषण किट, अधिकारियों ने दिया नियमित इलाज का संदेश

TB Mukt Bharat Campaign : कटोरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 42 टीबी मरीजों को निक्षय मित्रों द्वारा पौष्टिक खाद्य सामग्री वितरित की गई. इस पहल का उद्देश्य मरीजों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाना और टीबी मुक्त भारत अभियान को मजबूत करना है. अधिकारियों ने नियमित दवा और संतुलित भोजन के महत्व पर जोर दिया.

TB Mukt Bharat Campaign : कटोरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में शुक्रवार को आयोजित निक्षय पोषण वितरण शिविर में 42 टीबी मरीजों के बीच निक्षय मित्रों द्वारा पौष्टिक खाद्य सामग्री से युक्त फूड बास्केट वितरित किए गए. कार्यक्रम का उद्देश्य मरीजों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाकर उन्हें शीघ्र स्वस्थ करना और टीबी मुक्त भारत अभियान को मजबूत बनाना रहा.

अधिकारियों ने निभाई निक्षय मित्र की भूमिका

शिविर में निक्षय मित्र के रूप में जुड़े प्रखंड विकास पदाधिकारी देवाशीष कुमार, अंचलाधिकारी दिव्य प्रकाश, बीपीआरओ उपेंद्र कुमार, पीओ प्रशांत कुमार तथा मुक्ति निकेतन के सचिव चिरंजीव कुमार सिंह ने अपने-अपने गोद लिए टीबी मरीजों को पोषण सामग्री वितरित की. फूड बास्केट में अंडा, चावल, दाल, सोयाबीन, मूंगफली, प्रोटीन युक्त बिस्कुट सहित अन्य पौष्टिक खाद्य सामग्री शामिल थी.

नियमित दवा और पौष्टिक भोजन पर दिया जोर

बीडीओ देवाशीष कुमार ने कहा कि टीबी पूरी तरह इलाज योग्य बीमारी है. यदि मरीज चिकित्सकों की सलाह के अनुसार नियमित दवा लेते रहें और संतुलित एवं पौष्टिक भोजन करें, तो वे जल्द स्वस्थ होकर सामान्य जीवन जी सकते हैं. उन्होंने मरीजों से बीच में उपचार नहीं छोड़ने और स्वास्थ्य विभाग के निर्देशों का पालन करने की अपील की.

निक्षय मित्रों की भूमिका सराहनीय

प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विनोद कुमार ने कहा कि सरकार की निक्षय योजना के तहत टीबी मरीजों को बेहतर पोषण उपलब्ध कराने में निक्षय मित्रों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है. समाज के विभिन्न वर्गों की सक्रिय भागीदारी से टीबी उन्मूलन अभियान को नई मजबूती मिल रही है.

जागरूकता का भी दिया गया संदेश

कार्यक्रम में सीडीपीओ वंदना दास, हेल्थ मैनेजर अमरेश कुमार, डॉ. रूबी सिंह, डॉ. मुकेश कुमार, डॉ. अरुणिमा, रवींद्र कुमार उर्फ टिंकू वर्णवाल, विजय आनंद, मनोज कुमार, सर्वेश्वर झा, वीरेंद्र कुमार, राजीव कुमार, अतुलेश उर्फ मुन्ना भगत, चंद्रभूषण सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, कर्मी एवं कई गणमान्य लोग मौजूद रहे. सभी ने टीबी के प्रति जागरूकता फैलाने और मरीजों को हरसंभव सहयोग देने का संकल्प लिया.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

दीपक चौधरी प्रिंट माध्यम में 23 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. कटोरिया (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >