आंधी और बारिश से तपाती गर्मी से मिली राहत, मौसम हुआ सुहाना

बांका के बौसी में तेज आंधी और ओलावृष्टि के साथ हुई बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत दिलाई है. मौसम सुहाना होने से जहां लोगों के चेहरे खिल उठे, वहीं कई जगहों पर पेड़ गिरने से आवाजाही पर असर पड़ा है.

बांका, बौसी से संजीव पाठक की रिपोर्ट: पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस झेल रहे बौंसी वासियों के लिए गुरुवार का दिन बड़ी राहत लेकर आया. सुबह-सुबह मौसम ने अचानक करवट बदली और आसमान में घने बादल छाने के साथ ही तेज बारिश शुरू हो गई. कई इलाकों में बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई, जिससे तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई और पूरा इलाका खुशनुमा हो गया.

आंधी से पेड़ गिरे, आवाजाही रही प्रभावित

बारिश के साथ आई तेज आंधी ने इलाके में काफी असर दिखाया. तेज हवाओं के कारण कई जगहों पर सड़क के किनारे लगे पेड़ जड़ से उखड़कर गिर पड़े, जिससे कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा. आंधी की वजह से कुछ ग्रामीण इलाकों में कच्चे और फूस के मकानों को भी आंशिक नुकसान पहुंचने की सूचना मिली है. हालांकि, इस प्राकृतिक बदलाव ने लोगों को बुधवार जैसी तपती धूप और लू से पूरी तरह निजात दिला दी है.

बाजारों में लौटी रौनक, लोगों ने लिया आनंद

सुहाने मौसम का लुत्फ उठाने के लिए लोग घरों से बाहर निकल आए. बाजारों में भी शाम के समय काफी चहल-पहल देखी गई, जहां लोगों ने चाय और पकौड़ों के साथ ठंडी हवाओं का आनंद लिया. किसानों के चेहरे पर भी खुशी देखी जा रही है. स्थानीय किसानों का कहना है कि यह बारिश खेती के लिए काफी फायदेमंद साबित होगी, हालांकि ओलावृष्टि से कुछ फसलों को लेकर हल्की चिंता जरूर है.

अगले दो दिनों तक बना रहेगा ऐसा ही मौसम

मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल अगले एक-दो दिनों तक मौसम का मिजाज ऐसा ही बने रहने की संभावना है. आसमान में बादलों की आवाजाही जारी रहेगी और तापमान में अचानक बढ़ोतरी के आसार नहीं हैं. इस बदलाव से लोगों को फिलहाल भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Divyanshu Prashant

Divyanshu Prashant is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >