खेसर बाजार से चोरी हुई बोलेरो मुजफ्फरपुर में बरामद, चोरों ने बना दिया था DJ वाहन

Banka News : बांका से चोरी हुई बोलेरो को देखकर पुलिस भी हैरान रह गई. चोरों ने गाड़ी का पूरा रूप बदलकर उसे डीजे वाहन बना दिया था, लेकिन वाहन जांच के दौरान पुलिस की नजर से बच नहीं सके.

फुल्लीडुमर (बांका) से सुधीर कुमार सिंह की रिपोर्ट

Banka News : बांका जिले के खेसर बाजार से चोरी हुई बोलेरो को मुजफ्फरपुर के शिवहर थाना पुलिस ने बरामद कर लिया है. करीब डेढ़ साल पहले चोरी हुई इस गाड़ी को चोरों ने मॉडिफाई कर डीजे वाहन का रूप दे दिया था. वाहन जांच के दौरान पुलिस ने जब संदिग्ध गाड़ी को रोका और कागजात मांगे तो चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया. इसके बाद जांच में पता चला कि गाड़ी बांका जिले से चोरी हुई थी.

25 जनवरी 2024 को हुई थी चोरी

जानकारी के अनुसार, खेसर थाना क्षेत्र के शीतला स्थान के पास से 25 जनवरी 2024 को परमेश्वर भगत की बोलेरो अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर ली गयी थी. घटना के बाद वाहन मालिक ने खेसर थाना में लिखित आवेदन देकर गाड़ी बरामद करने की गुहार लगायी थी.खेसर थाना पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर चोरी की गाड़ी की तलाश शुरू कर दी थी, लेकिन लंबे समय तक वाहन का कोई सुराग नहीं मिल सका.

चोरों ने बोलेरो को बना दिया DJ वाहन

बताया जा रहा है कि चोरी के बाद चोरों ने बोलेरो के ऊपरी हिस्से की कटिंग कर उसे पूरी तरह बदल दिया था. वाहन पर जनरेटर और बड़े-बड़े साउंड बॉक्स लगाकर उसे डीजे वाहन की तरह तैयार कर दिया गया था.बाहरी रूप बदलने के कारण पहली नजर में पहचान पाना मुश्किल था कि यह वही चोरी की बोलेरो है.

वाहन जांच में खुला पूरा मामला

मुजफ्फरपुर के शिवहर थाना क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्ध बोलेरो को रोका. जब चालक से वाहन के कागजात मांगे गये तो वह गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया.पुलिस ने वाहन को जब्त कर थाना ले जाकर जांच शुरू की. कागजात और वाहन विवरण की जांच में पता चला कि यह गाड़ी बांका जिले की है और चोरी की रिपोर्ट पहले से दर्ज है.

अब शिवहर से लायी जायेगी गाड़ी

शिवहर पुलिस द्वारा मामले की जानकारी बांका पुलिस को दी गयी है. सूचना मिलने के बाद खेसर थाना पुलिस ने वाहन मालिक को जरूरी कागजात के साथ थाना बुलाया है.बताया जा रहा है कि खेसर पुलिस अब शिवहर जाकर बरामद बोलेरो को वापस लाने की तैयारी में जुटी हुई है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMIT KUMAR SINH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >