कटोरिया (बांका). 30 जुलाई से शुरू होने वाले विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 2026 को लेकर राज्य सरकार व बांका जिला प्रशासन द्वारा युद्ध स्तर पर सभी तैयारियां को अंतिम रूप दिया जा रहा है. ताकि देश-विदेश से पहुंचने वाले शिव भक्तों को सभी बुनियादी सेवा और सुविधाएं बेहतर ढंग से उपलब्ध कराई जा सके. -डीएम व एसपी खुद कर रहे मॉनिटरिंग डीएम अंशुल अग्रवाल और एसपी अमितेश कुमार स्वयं कांवरियों को बेहतर सुविधा और सुरक्षा प्रदान करने को लेकर सभी तैयारियां की मॉनिटरिंग कर रहे हैं. साथ ही संबंधित विभागों के वरीय अधिकारियों को उत्कृष्ट सेवा को लेकर निर्देशित भी किया गया है.
चालीस अस्थाई शौचालय यूनिट
कटोरिया के कांवरिया पथ स्थित जिला नियंत्रण कक्ष के समीप पीएचईडी द्वारा लगाए जाने वाले मेगा कैंप के समीप इस बार अतिरिक्त 40 यूनिट अस्थाई शौचालय बनाए जा रहे हैं, ताकि कांवरियों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं हो. पूर्व से निर्मित स्थाई शौचालय और स्नानागार को मरम्मती और रंग रोगन कर उपयोग लायक बनाने का कार्य भी तेज गति से हो रहा है.
सुगमतापूर्वक हो कांवर यात्रा
शिवभक्तों की सुल्तानगंज से बाबाधाम की लगभग 100 किलोमीटर की पांव पैदल कांवर यात्रा सुगमता पूर्वक पूरी हो सके, इसके लिए विशेष रूप से बांका जिला अंतर्गत लगभग 55 किलोमीटर के कच्ची कांवरिया पथ में सुगम कच्ची पथ, ठहराव, पेयजल, शौचालय, स्नानागार, बिजली, स्वास्थ्य, सुरक्षा आदि के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं.
