श्रावणी मेले के 23वें दिन उमड़ा आस्था का सैलाब, बोलबम के जयकारों से गूंजा कांवरिया पथ

श्रावणी मेले के 23वें दिन कांवरिया पथ बोलबम के जयकारों से गूंज उठा। बाबा बैद्यनाथ के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा है।

कटोरिया (बांका : विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला के 23वें दिन शुक्रवार को भी अजगैबीनाथ धाम से बाबाधाम जाने वाले कांवरिया पथ पर केसरिया वस्त्रधारी शिवभक्तों का सैलाब उमड़ता रहा. मेला अंतिम सप्ताह में पहुंच चुका है, लेकिन श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह में कोई कमी नहीं दिख रही है. लगातार बढ़ रही भीड़ से पूरा कांवरिया पथ शिवभक्ति में डूबा नजर आया.

भजनों के बीच झूमते हुए आगे बढ़े कांवरिया

कंधे पर कांवर और मन में बाबा भोलेनाथ के प्रति अटूट आस्था लिए महिला-पुरुष श्रद्धालु हर-हर महादेव और बोलबम के जयकारे लगाते हुए बाबाधाम की ओर बढ़ते रहे. कई कांवरिया शिवभजनों पर झूमते और कांवर लचकाते हुए यात्रा करते नजर आए. ‘डमरू वाले बाबा तुमको आना होगा...’ जैसे भजनों की गूंज से मेला क्षेत्र का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा.

जयकारों से गूंजता रहा कांवरिया पथ

पूरे कांवरिया पथ पर ‘बोलबम का नारा है, बाबा एक सहारा है’, ‘ओम नमः पार्वती पतये, हर-हर महादेव’ और ‘बाबा नगरिया दूर है, जाना जरूर है’ जैसे जयकारे गूंजते रहे. लंबी यात्रा से थकान के बावजूद कांवरियों का उत्साह देखते ही बन रहा था. देश के विभिन्न राज्यों के साथ विदेशों से भी श्रद्धालु बाबाधाम की यात्रा पर पहुंचे हैं.

कई कांवरियों ने अपनी कांवर को आकर्षक ढंग से सजाया है. रंग-बिरंगी कांवरियां रास्ते से गुजरने वाले लोगों और अन्य श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं.

सेवा शिविरों में श्रद्धालुओं की हो रही सेवा

श्रावणी मेला को लेकर राज्य सरकार और जिला प्रशासन की ओर से कांवरियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास जारी है. कांवरिया पथ पर जगह-जगह नि:शुल्क सेवा शिविर लगाए गए हैं. यहां श्रद्धालुओं के लिए भोजन, पेयजल और विश्राम सहित अन्य सुविधाओं की व्यवस्था की गयी है. स्वयंसेवक पूरी श्रद्धा और सम्मान के साथ कांवरियों की सेवा में जुटे हैं.

बाबाधाम की ओर बढ़ता जा रहा कारवां

आस्था, सेवा और शिवभक्ति के संगम के बीच कांवरियों का कारवां लगातार बाबाधाम की ओर बढ़ रहा है. हर ओर गूंजते बोलबम के जयकारे और बाबा बैद्यनाथ के दर्शन की उत्सुकता श्रावणी मेले की भव्यता को और बढ़ा रही है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By दीपक चौधरी

दीपक चौधरी प्रिंट माध्यम में 23 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. कटोरिया (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >