Shravani Mela 2026 : विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 2026 को लेकर बांका जिला प्रशासन ने तैयारियों में तेजी ला दी है. जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल के निर्देश पर शुक्रवार को कटोरिया प्रखंड क्षेत्र के कच्ची कांवरिया पथ का व्यापक निरीक्षण किया गया. इस दौरान पेयजल, बिजली, शौचालय, धर्मशाला, बालू बिछाने और सुरक्षा व्यवस्था सहित सभी जरूरी सुविधाओं की समीक्षा की गई.
बीडीओ और सीओ ने किया संयुक्त निरीक्षण
निरीक्षण दल में बीडीओ देवाशीष कुमार, सीओ दिव्य प्रकाश तथा कटोरिया थाना के अवर निरीक्षक सीएल तिरिया शामिल रहे. उनके साथ पीएचईडी के सहायक अभियंता मनीष कुमार, कनीय अभियंता देवेंद्र नाथ सिंह तथा संतोष कुमार गुप्ता भी मौजूद थे. अधिकारियों ने विश्वकर्मानगर से हथगढ़ तक कच्ची कांवरिया पथ का निरीक्षण किया.
महत्वपूर्ण पड़ावों पर जांची गई व्यवस्थाएं
अधिकारियों ने कंट्रोल रूम स्थल, जमुआ मोड़ स्थित दरभाषण नदी पुल, राजबाड़ा, कोल्हुआ, देवासी, लक्ष्मणझूला और इनारावरण सहित विभिन्न प्रमुख पड़ावों पर पहुंचकर तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया. इस दौरान कांवरियों के ठहराव और आवागमन से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई.
पेयजल, बिजली और धर्मशालाओं पर विशेष जोर
निरीक्षण के दौरान कच्ची कांवरिया पथ पर गंगा की महीन बालू बिछाने, स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने, अस्थायी शौचालय एवं स्नानागार की व्यवस्था, निर्बाध विद्युत आपूर्ति तथा सरकारी धर्मशालाओं की साफ-सफाई और रंग-रोगन की प्रगति की समीक्षा की गई. अधिकारियों ने सभी संबंधित विभागों को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए.
अतिक्रमण करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
प्रशासन ने कांवरिया पथ के दोनों किनारों पर दुकान, सेवा शिविर, पंडाल और कांवर स्टैंड लगाने वाले संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी स्थिति में मार्ग का अतिक्रमण नहीं किया जाए. अधिकारियों ने चेतावनी दी कि श्रद्धालुओं की आवाजाही में बाधा उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
लक्ष्य- सुरक्षित और सुविधाजनक श्रावणी मेला
जिला प्रशासन का उद्देश्य इस वर्ष श्रावणी मेला में आने वाले प्रत्येक कांवरिया को सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर सुविधाओं से युक्त वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि उनकी आस्था की यात्रा पूरी तरह सुगम और व्यवस्थित हो सके.
ये भी पढ़ें : श्रावणी मेला 2026 : कांवरिया पथ पर 22 जुलाई तक पूरी होंगी सभी तैयारियां, बांका प्रशासन एक्शन मोड में
