Shravani Mela 2026 : श्रावणी मेले के दौरान हर वर्ष बड़ी संख्या में शिवभक्त इस मार्ग से होकर बाबा बैद्यनाथ धाम की यात्रा करते हैं. इसी को ध्यान में रखते हुए कटोरिया की कांवरिया धर्मशाला में श्रद्धालुओं के लिए सेवा कार्य शुरू किया गया. उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, स्थानीय नागरिक और गणमान्य लोग मौजूद रहे. पूरा परिसर "हर-हर महादेव" और "बोल बम" के जयघोष से भक्तिमय माहौल में सराबोर रहा.
कांवरिया बाबा को दी श्रद्धांजलि
उद्घाटन के बाद मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने धर्मशाला परिसर में स्थापित दिवंगत वीरेंद्र चौधरी उर्फ कांवरिया बाबा की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी. उन्होंने कहा कि कांवरिया बाबा ने वर्षों तक निस्वार्थ भाव से शिवभक्तों की सेवा कर समाज के सामने सेवा और समर्पण की मिसाल कायम की. उनकी सेवा परंपरा को आगे बढ़ाना समाज के लिए प्रेरणादायक कार्य है.
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ रुद्राभिषेक
उद्घाटन समारोह से पहले धर्मशाला परिसर स्थित बाबा कामेश्वर धाम के शिवलिंग पर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से पूजा-अर्चना और रुद्राभिषेक कराया गया. श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ से श्रावणी मेला के सफल, शांतिपूर्ण और मंगलमय आयोजन की प्रार्थना की. धार्मिक अनुष्ठानों के दौरान पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा.
श्रद्धालुओं के लिए की गई विशेष व्यवस्था
कार्यक्रम के दौरान कांवरिया बाबा के परिजनों ने मंत्री का तिलक, अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया. इस अवसर पर अनीता जायसवाल, शीतल सरकार, भोला चौधरी, रेखा आर्य, रीता जायसवाल, रोमा गुप्ता, वीणा जायसवाल, राजन गुप्ता सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे.
श्रावणी मेला के दौरान धर्मशाला में कांवरियों के लिए विश्राम, शुद्ध पेयजल, स्नानागार, शौचालय और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है, ताकि बाबा बैद्यनाथ धाम की यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े.
