Shravani Mela 2026 : हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष के बीच गुरुवार को विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 2026 का विधिवत शुभारंभ हो गया. सुल्तानगंज से बाबाधाम जाने वाले कांवरिया पथ पर बांका जिले के अबरखा स्थित टेंट सिटी में फीता काटकर तथा पर्यटन विभाग के पंडाल में दीप प्रज्वलित कर मेले का उद्घाटन किया गया. शुभारंभ के साथ ही पूरा कांवरिया पथ भक्ति, उत्साह और आस्था के रंग में रंग गया.
कई मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों ने किया उद्घाटन
मुख्य अतिथि सह बांका जिला के प्रभारी मंत्री एवं राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल के नेतृत्व में ग्रामीण विकास एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मंत्री श्रवण कुमार, शिक्षा मंत्री मिथिलेश कुमार, पीएचईडी मंत्री संजय कुमार, पूर्व मंत्री सह बांका विधायक रामनारायण मंडल, बेलहर विधायक मनोज यादव, अमरपुर विधायक जयंत राज, कटोरिया विधायक पूरनलाल टुडु तथा भागलपुर-बांका के विधान पार्षद विजय कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से श्रावणी मेला 2026 का उद्घाटन किया.
कांवरियों के लिए इस बार बढ़ाई गईं सुविधाएं
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में इस वर्ष श्रावणी मेला को पहले की तुलना में अधिक व्यवस्थित, सुरक्षित और सुविधायुक्त बनाया गया है. उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों की अपेक्षा इस बार कांवरियों के लिए कई नई सुविधाएं जोड़ी गई हैं. बिहार सरकार और बांका जिला प्रशासन सेवा, सुरक्षा और नवाचार के माध्यम से श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव देने के लिए पूरी तरह तैयार है.
दुनिया के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में एक
प्रभारी मंत्री ने कहा कि सुल्तानगंज से बाबाधाम तक की कांवर यात्रा दुनिया के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में शामिल है. यहां जलार्पण के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या विश्व के अन्य धार्मिक मेलों की तुलना में कहीं अधिक होती है. यही वजह है कि इस मेले का धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व देश ही नहीं, बल्कि विदेशों तक फैला हुआ है.
डीएम और डीडीसी ने किया अतिथियों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल और उप विकास आयुक्त उपेंद्र कुमार सिंह ने सभी अतिथियों का अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर स्वागत किया. समारोह में पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार, एसडीएम राजकुमार, पूर्व विधायक राजकिशोर प्रसाद उर्फ पप्पू यादव, जदयू प्रदेश महासचिव औंकार यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष ब्रजेश कुमार मिश्रा, जदयू जिलाध्यक्ष अमरेंद्र सिंह, लोजपा जिलाध्यक्ष बेबी यादव, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में कांवरिया श्रद्धालु मौजूद रहे.
सुरक्षा से स्वास्थ्य तक सभी व्यवस्थाएं पूरी
श्रावणी मेला के शुभारंभ के साथ ही बांका जिला प्रशासन ने कांवरियों की सुविधा के लिए सुरक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, प्रकाश, स्वच्छता, यातायात और विश्राम जैसी सभी बुनियादी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया है. आने वाले दिनों में लाखों शिवभक्त इसी कांवरिया पथ से बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए रवाना होंगे. पूरे श्रावणी माह तक यह मार्ग शिवभक्ति, सेवा और आस्था के अद्भुत संगम का साक्षी बनेगा.
