Dog Attack : शंभुगंज प्रखंड क्षेत्र के रामचुआ गांव में कटखने आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है. शुक्रवार को मध्य विद्यालय रामचुआ की छुट्टी के बाद घर लौट रहे दर्जनों बच्चों पर स्कूल के समीप एक कटखने कुत्ते ने अचानक हमला कर दिया. हमले में कई बच्चे घायल हो गए, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई और अन्य बच्चों में दहशत फैल गई.
साथियों को बचाने पहुंचे बच्चे भी हुए घायल
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सबसे आगे चल रहे मनीष कुमार और नीतेश कुमार पर आम के पेड़ के पास पहले कुत्ते ने हमला किया. दोनों को बचाने दौड़े शुभम कुमार और हंसराज कुमार पर भी कुत्ता टूट पड़ा. देखते ही देखते वहां चीख-पुकार मच गई. शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने किसी तरह कुत्ते को भगाया और सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शंभुगंज पहुंचाया.
सभी बच्चों को लगाया गया एंटी-रेबीज टीका
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. अजय कुमार शर्मा ने बताया कि सभी घायल बच्चों का प्राथमिक उपचार किया गया. साथ ही उन्हें आवश्यक दवाएं और एंटी-रेबीज वैक्सीन भी दी गई. चिकित्सकों ने बच्चों की स्थिति सामान्य बताते हुए आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी.
गांव में लगातार बढ़ रहा आवारा कुत्तों का आतंक
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में दो-तीन कटखने आवारा कुत्ते लंबे समय से घूम रहे हैं. ये मध्य विद्यालय, चौक-चौराहों और अन्य सार्वजनिक स्थानों के आसपास मंडराते रहते हैं तथा अकेले लोगों और बच्चों को देखते ही हमला कर देते हैं. विद्यालय के शिक्षकों ने भी बताया कि स्कूल खुलने और छुट्टी के समय बच्चों की सुरक्षा को लेकर उन्हें हमेशा सतर्क रहना पड़ता है.
कार्रवाई नहीं हुई तो बढ़ सकता है खतरा
ग्रामीणों ने प्रशासन से कटखने आवारा कुत्तों को तत्काल पकड़ने की मांग की है. उनका कहना है कि केवल रामचुआ ही नहीं, बल्कि बिरनौधा, मिर्जापुर, झखरा समेत आसपास के कई गांवों में भी आवारा कुत्तों का आतंक बना हुआ है. लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है.
