शंभुगंज. बांका कोर्ट परिसर से हथकड़ी खोलकर और पुलिस को चकमा देकर फरार चोर को पुलिस ने चार दिन बाद ढाका मोड़ में एक ठिकाने पर से गिरफ्तार कर लिया. इसके बाद उसे सुरक्षा व्यवस्था के बीच शंभुगंज थाना ले गया. जानकारी के अनुसार चार दिन पूर्व ही भागलपुर जिले के ततारपुर से चोरी हुई ट्रैक्टर के साथ शंभुगंज पुलिस पदाधिकारी ने गुप्त सूचना के आधार पर गढ़ी बाटो गांव से दो युवक को गिरफ्तार कर लिया था और चोरी की ट्रैक्टर को बरामद कर शंभुगंज थाना लाया था. जहां शंभुगंज पुलिस ने अठमनिया गांव के गिरफ्तार युवक सुमन कुमार और पौकरी गांव के गिरफ्तार युवक दिलखुश कुमार उर्फ भोला के ऊपर प्राथमिकी दर्ज कर मेडिकल जांच कराकर न्यायिक हिरासत में बांका भेजा था. जहां बांका न्यायालय परिसर से सटे एक दुकान के पास से दिलखुश कुमार उर्फ भोला ने हथकड़ी खोलकर और पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था. हालांकि पुलिस ने खदेड़कर पकड़ने की कोशिश किया. लेकिन भीड़ का फायदा उठाते हुए वह भाग निकला. घटना के बाद शंभुगंज थाना के पुलिस उसकी गिरफ्तारी को लेकर लगातार छापेमारी कर रही थी. इसी बीच पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि फरार चोर दिलखुश कुमार ढाका मोड़ में एक ठिकाने पर हैं. जिसके बाद शंभुगंज पुलिस पदाधिकारी ने छापेमारी करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया. पुनि सह थानाध्यक्ष बबलू कुमार ने बताया कि बांका कोर्ट परिसर के समीप से फरार हुए चोर को पुन: गिरफ्तार कर लिया गया है, उसे न्यायिक हिरासत में बांका जेल भेजा जायेगा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
