शंभुगंज के दुर्गा मंदिर चटमा बाजार के समीप सड़क पर दूषित पानी का जमाव, ग्रामीणों में आक्रोश

शंभुगंज प्रखंड में दुर्गा मंदिर के पास सड़क पर बना गहरा गड्ढा और उसमें जमा गंदा पानी लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गया है. चार साल पहले बनी सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं, जिससे श्रद्धालु और राहगीर परेशान हैं.

शंभुगंज (बांका). शंभुगंज प्रखंड क्षेत्र की कुर्मा पंचायत अंतर्गत सातपट्टी चटमा बाजार स्थित दुर्गा मंदिर के समीप मुख्य सड़क पर बना विशाल गड्ढा और उसमें जमा गंदा पानी आमजन व श्रद्धालुओं के लिए भारी मुसीबत बन गया है. सड़क के बीचों-बीच जलभराव और कीचड़ के कारण आवागमन पूरी तरह नारकीय हो चुका है. आए दिन बाइक सवार व राहगीर असंतुलित होकर इस गड्ढे में गिरकर चोटिल हो रहे हैं. वहीं, मंदिर में पूजा-अर्चना करने जाने वाले श्रद्धालुओं को भी इसी दूषित पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है, जिससे स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है.

ग्रामीण नीलमोहन सिंह, रामदुलार सिंह, तुलानंद सिंह, उदय राय आदि ने बताया कि करीब चार वर्ष पूर्व नाबार्ड योजना के तहत रायपुरा चौक से धरमपुर विद्यालय तक सड़क का पक्कीकरण कराया गया था. इसका मुख्य उद्देश्य सुप्रसिद्ध तिलडीहा दुर्गा मंदिर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को सुगम आवागमन की सुविधा देना था. ग्रामीणों का आरोप है कि संवेदक द्वारा निर्माण कार्य में घोर लापरवाही और गुणवत्ता की अनदेखी की गई, जिसके चलते कुछ ही महीनों में सड़क की गिट्टियां उखड़ गईं और वहां गहरा गड्ढा बन गया.

घनी आबादी में नाले का अभाव:

चटमा बाजार घनी आबादी वाला इलाका है, लेकिन जल निकासी की कोई मुकम्मल व्यवस्था नहीं होने के कारण घरों का गंदा पानी और बारिश का पानी सड़क पर ही जमा रहता है. सड़े हुए पानी से उठने वाली तीव्र दुर्गंध के कारण मंदिर का वातावरण दूषित हो रहा है. ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि शारदीय नवरात्र सिर पर है, यदि पूजा से पूर्व सड़क की मरम्मत और जलजमाव का स्थायी समाधान नहीं हुआ, तो वे चरणबद्ध आंदोलन के लिए बाध्य होंगे. ग्रामीणों ने अविलंब सड़क मरम्मत और पक्के नाले के निर्माण की मांग की है.

कहते हैं अधिकारी

"सातपट्टी चटमा बाजार दुर्गा मंदिर के समीप सड़क पर गड्ढे और जलजमाव की समस्या की जांच कराई जाएगी. संबंधित तकनीकी अधिकारियों को भेजकर स्थल निरीक्षण कराया जाएगा, ताकि नवरात्र से पहले समस्या का उचित समाधान निकाला जा सके. \" प्रभात केसरी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, शंभुगंज

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By ठाकुर विनोद कुमार

ठाकुर विनोद कुमार प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. शंभूगंज (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >