बदलते मौसम ने बढ़ाई मुसीबत, बाराहाट में सर्दी-खांसी के मरीजों की अचानक बढ़ी भीड़

Seasonal Viral Alert : मौसम में अचानक बदलाव के कारण बाराहाट में मौसमी बीमारियों का प्रकोप बढ़ गया है. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रोजाना सैकड़ों मरीज सर्दी, खांसी और बुखार जैसी समस्याओं से पीड़ित पहुंच रहे हैं. डॉक्टरों ने लोगों से सावधानी बरतने की सलाह दी है.

Seasonal Viral Alert : बाराहाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इन दिनों रोजाना सैकड़ों मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं. सुबह होते ही ओपीडी के बाहर मरीजों की लंबी कतारें लग जाती हैं. सबसे अधिक मरीज सर्दी, खांसी, जुकाम और बुखार जैसी मौसमी समस्याओं से पीड़ित मिल रहे हैं. केवल सरकारी अस्पताल ही नहीं, बल्कि क्षेत्र के निजी क्लिनिकों में भी मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ी है. चिकित्सकों का मानना है कि मौसम में अचानक बदलाव के कारण लोगों की रोग प्रतिरोधक क्षमता प्रभावित हो रही है, जिससे संक्रमण तेजी से फैल रहा है.

बदलते मौसम को बताया बीमारी की बड़ी वजह

प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. निलांबर निलय ने बताया कि मौसम में लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव के कारण मौसमी बीमारियों का प्रकोप बढ़ा है. दिन में गर्मी और सुबह-शाम अपेक्षाकृत ठंडे मौसम के कारण वायरल संक्रमण तेजी से फैल रहा है. उन्होंने कहा कि अधिकांश मरीज सामान्य वायरल संक्रमण से पीड़ित हैं, लेकिन लापरवाही बरतने पर परेशानी गंभीर भी हो सकती है.

डॉक्टर ने दी सतर्क रहने की सलाह

डॉ. निलांबर निलय ने लोगों से अधिक से अधिक गुनगुना पानी पीने, ठंडे पानी और फ्रिज में रखे खाद्य पदार्थों से परहेज करने तथा मौसम के अनुरूप कपड़े पहनने की सलाह दी है. उन्होंने कहा कि बिना चिकित्सकीय परामर्श के एंटीबायोटिक या अन्य भारी दवाओं का सेवन नहीं करना चाहिए. साथ ही हमेशा ताजा और गर्म भोजन करें तथा रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाले पौष्टिक खाद्य पदार्थों को अपने भोजन में शामिल करें.

लक्षण गंभीर हों तो तुरंत डॉक्टर से मिलें

चिकित्सकों का कहना है कि यदि सर्दी-जुकाम के साथ तेज बुखार, लगातार खांसी या सांस लेने में तकलीफ जैसी समस्या हो तो इसे नजरअंदाज न करें. ऐसी स्थिति में तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर डॉक्टर से परामर्श लेना चाहिए. समय पर उपचार और सावधानी ही मौसमी बीमारियों से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सुभाष वैद्य

सुभाष वैद्य प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत वर्ष 2005 में की. अभी प्रभात खबर के बांका कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >