RMK Inter School Meeting : मंगलवार को आयोजित विद्यालय प्रबंध समिति की बैठक में विद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई. अध्यक्ष विजय कुमार सिंह ने विद्यालय में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना सभी की प्राथमिक जिम्मेदारी है. उन्होंने विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रयास करने का निर्देश दिया.
छात्र-छात्राओं से किया सीधा संवाद
बैठक के बाद विधान पार्षद विजय कुमार सिंह ने विद्यालय में उपस्थित छात्र-छात्राओं से सीधे बातचीत की. उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई, शिक्षण व्यवस्था और विद्यालय के वातावरण के बारे में जानकारी ली. छात्रों ने विद्यालय में हो रही पढ़ाई, शिक्षकों के सहयोग और शैक्षणिक माहौल को लेकर संतोष व्यक्त किया. विद्यार्थियों की सकारात्मक प्रतिक्रिया पर उन्होंने प्रसन्नता जताते हुए इसे विद्यालय परिवार के सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया.
'बेहतर शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य की नींव'
विजय कुमार सिंह ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है. विद्यालय में अनुशासन, प्रभावी शिक्षण व्यवस्था और सकारात्मक माहौल बनाए रखने के लिए विद्यालय प्रबंध समिति हरसंभव सहयोग करती रहेगी. उन्होंने शिक्षकों से भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया.
बैठक में कई सदस्य रहे मौजूद
बैठक में प्रभारी प्रधानाध्यापक सह विद्यालय प्रबंध समिति के सचिव राकेश रंजन, समिति सदस्य निखिल बहादुर सिंह, आमंत्रित सदस्य जवाहर प्रसाद सुधाकर, मरशूब आलम, माधव मुरारी, शिक्षक चंदन कुमार, भरत कुमार सहित विद्यालय के सभी शिक्षक उपस्थित रहे. इस अवसर पर जिला जदयू महासचिव नीरज सिंह भी मौजूद थे और विद्यालय के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई.
