मानसून ने पकड़ी रफ्तार! बांका में बारिश व तेज हवा का अलर्ट, वज्रपात का भी बना रहेगा खतरा

Banka Weather Update : बांका जिले में मानसून सक्रिय होने से मौसम का मिजाज बदला है. मौसम विभाग ने तेज हवा और बारिश की चेतावनी जारी की है, जिससे उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.

Banka Weather Update : बांका जिले में मंगलवार दोपहर कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जिससे मौसम सुहावना हो गया. बुधवार सुबह भी आसमान में बादलों की आवाजाही के बीच धूप और छांव का क्रम जारी रहा. धूप की तीव्रता पहले की तुलना में कम रही, जबकि कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी भी हुई. मौसम में आए बदलाव से लोगों को उमस भरी गर्मी से कुछ राहत जरूर मिली, हालांकि हवा में नमी अधिक रहने के कारण उमस का असर अभी भी महसूस किया जा रहा है.

2 अगस्त तक बारिश और तेज हवा के आसार

भारत मौसम विज्ञान विभाग और बिहार कृषि विश्वविद्यालय की ग्रामीण कृषि मौसम सेवा के अनुसार 29 जुलाई से 2 अगस्त तक बांका जिले में मौसम अस्थिर बना रहेगा. इस दौरान आसमान में घने बादल छाए रहेंगे और कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. बुधवार को जिले में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है. वहीं पूरे पूर्वानुमान अवधि में सामान्य रूप से 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवा बहने का अनुमान है.

तापमान में गिरावट से मिलेगी राहत

मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल जिले का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है. आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 33 से 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. बादलों और बारिश के प्रभाव से तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आने के संकेत हैं, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से और अधिक राहत मिलने की उम्मीद है.

भारी बारिश और वज्रपात को लेकर सतर्क रहने की सलाह

मौसम विभाग ने बांका जिले के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश, मेघगर्जन और वज्रपात की संभावना जताई है. खराब मौसम के दौरान लोगों से खुले स्थानों पर नहीं रहने, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूरी बनाए रखने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है. तेज हवा और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचने की भी सलाह दी गई है.

किसानों के लिए जरूरी सलाह

कृषि विशेषज्ञों ने किसानों से कहा है कि लगातार बारिश की संभावना को देखते हुए खेतों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था बनाए रखें, ताकि फसलों को जलभराव से नुकसान न हो. साथ ही मेघगर्जन और वज्रपात के दौरान खेतों में काम करने से बचें और मौसम सामान्य होने के बाद ही कृषि कार्य करें. मानसून की यह सक्रियता खरीफ फसलों के लिए लाभदायक मानी जा रही है, बशर्ते किसान मौसम के अनुसार सावधानी बरतें.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मदन कुमार

मदन कुमार प्रिंट माध्यम में 15 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >