Mudhara Railway Over Bridge : बांका सदर प्रखंड के मुढ़हारा रेलवे स्टेशन के समीप शंकरपुर-अजीतनगर मुख्य मार्ग पर प्रस्तावित रेल ओवर ब्रिज (ROB) निर्माण की प्रक्रिया तेज हो गई है. पिछले दो दिनों से रेलवे फाटक के आसपास और रेल पटरी के दोनों ओर मिट्टी की जांच एवं पाइलिंग का कार्य किया जा रहा है. जांच पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है.
ओवर ब्रिज निर्माण की तैयारी तेज
विभाग द्वारा मुढ़हारा रेलवे फाटक के दोनों ओर मिट्टी की गुणवत्ता जांचने के लिए पाइलिंग का कार्य कराया जा रहा है. अधिकारियों के अनुसार तकनीकी जांच पूरी होते ही रेल ओवर ब्रिज के निर्माण का कार्य शुरू कर दिया जाएगा. यह परियोजना क्षेत्र की सबसे बड़ी यातायात समस्याओं में से एक का समाधान मानी जा रही है.
रेलवे फाटक पर रोज लगता है जाम
मुढ़हारा रेलवे फाटक पर ट्रेन के गुजरने के दौरान प्रतिदिन लंबा जाम लग जाता है. इससे स्थानीय लोगों, स्कूली बच्चों, मरीजों और वाहन चालकों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है. ओवर ब्रिज बनने के बाद बिना रुके आवागमन संभव होगा और लोगों को जाम से स्थायी राहत मिलने की उम्मीद है.
रेलवे फाटक बंद करने की दिशा में पहल
विभागीय सूत्रों के अनुसार रेलवे दुर्घटनाओं को कम करने और यातायात को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से चरणबद्ध तरीके से रेल फाटकों की जगह रेल ओवर ब्रिज बनाए जा रहे हैं. इसी योजना के तहत मालदा मंडल के अंतर्गत मुढ़हारा रेलवे स्टेशन के अलावा बांका रेलवे स्टेशन के आगे फाटक संख्या-3 के पास भी करोड़ों रुपये की लागत से रेल ओवर ब्रिज का निर्माण कराया जाएगा.
सर्वे के बाद मिली परियोजना को गति
बताया गया कि गत माह विभाग की विशेष टीम ने दोनों रेलवे फाटकों पर वाहनों और पैदल यात्रियों की आवाजाही का विस्तृत सर्वे किया था. सर्वे रिपोर्ट डिवीजन को भेजे जाने के बाद परियोजना को आगे बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू की गई.
दर्जनों गांवों के लोगों को होगा लाभ
शंकरपुर चौक से निकलने वाला यह मार्ग मुढ़हारा रेलवे स्टेशन होते हुए अजीतनगर, अमरपुर-इंग्लिशमोड़, पुनसिया चौक और भागलपुर मुख्य मार्ग को जोड़ता है. इस सड़क से शंकरपुर, रीगा, विशनपुर, मुढ़हारा, बाघाकोल, करनाबै, बिंडी, मंझियारा, बैसा, हरिपुर, खड़ियारा, गोलाहू, करमा, भतकुंडी, भदरार, नयाडीह, सिकानपुर सहित दर्जनों गांवों के लोग प्रतिदिन आवागमन करते हैं.
प्रतिदिन सैकड़ों छोटे-बड़े, दोपहिया और चारपहिया वाहन इस मार्ग से गुजरते हैं. ऐसे में रेल ओवर ब्रिज बनने से न केवल जाम की समस्या दूर होगी, बल्कि यात्रा भी अधिक सुरक्षित और सुगम हो जाएगी. परियोजना की शुरुआत की खबर से क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है.
