अमरपुर की कई पंचायतों में रातभर चली छापेमारी, पुलिस 13 वारंटियों को कर लिया गिरफ्तार
Banka Police Action: बांका जिले के अमरपुर में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ही रात में 13 वारंटियों को गिरफ्तार कर लिया. विभिन्न पंचायतों में चलाए गए सघन छापामारी अभियान से फरार आरोपियों में हड़कंप मच गया.
अमरपुर (बांका) से प्रीतम कुमार की रिपोर्ट
Banka News : अमरपुर थाना पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए बुधवार रात बड़ी सफलता हासिल की. थानाध्यक्ष राकेश कुमार के नेतृत्व में विभिन्न पंचायतों में की गई छापेमारी के दौरान 13 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया. सभी आरोपियों को मेडिकल जांच के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
अलग-अलग गांवों में हुई ताबड़तोड़ कार्रवाई
पुलिस द्वारा चलाए गए अभियान के दौरान थाना क्षेत्र के कई गांवों में एक साथ छापेमारी की गई. इस कार्रवाई में सलेमपुर, कुमरखाल, अमरपुर बाजार, नया टोला धीमड़ा, भदरिया, दौना और मकदुमा गांव के वारंटियों को गिरफ्तार किया गया.
ये वारंटी हुए गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में सलेमपुर गांव निवासी तुफानी पासवान, फुलनी देवी, किशोर साह, अमीत उर्फ अनुपलाल मंडल, बबलू मंडल और अनिल कुमार शामिल हैं. इसके अलावा कुमरखाल गांव के अधिकलाल यादव और शिबु शर्मा, अमरपुर बाजार के देवी मंडल, नया टोला धीमड़ा गांव के सनाउल्लाह खान, भदरिया गांव के अनिल मंडल, दौना गांव के मो. कारू तथा मकदुमा गांव के अनिल कुमार को भी गिरफ्तार किया गया.
न्यायालय से जारी था वारंट
थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ बांका न्यायालय से वारंट निर्गत किया गया था. न्यायालय के आदेश के अनुपालन में विशेष अभियान चलाकर उन्हें गिरफ्तार किया गया.
मेडिकल जांच के बाद भेजे गये जेल
पुलिस ने सभी गिरफ्तार वारंटियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद अस्पताल ले जाकर मेडिकल जांच कराई. इसके उपरांत उन्हें न्यायिक हिरासत में बांका भेज दिया गया.
फरार आरोपियों के खिलाफ अभियान जारी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि न्यायालय से जारी वारंट वाले अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार अभियान चलाया जा रहा है. आने वाले दिनों में ऐसे और भी विशेष अभियान चलाए जाएंगे ताकि कानून से बच रहे आरोपियों को गिरफ्तार किया जा सके.
अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस सख्त
अमरपुर थाना पुलिस की इस कार्रवाई को अपराध नियंत्रण और न्यायालय के आदेशों के अनुपालन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. पुलिस का कहना है कि कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा.