मंगलवार को 11 गैस एजेंसियों व 68 महत्वपूर्ण स्थानों पर की गयी छापेमारी
बांका. डीएम नवदीप शुक्ला के निर्देश पर जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति को सुचारू, पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी एवं सघन छापामारी अभियान संचालित किया जा रहा है. जिला आपूर्ति पदाधिकारी प्रमोद कुमार ने बताया कि मंगलवार को 11 गैस एजेंसियों एवं 68 महत्वपूर्ण स्थानों पर छापामारी अभियान चलाया गया. इस दौरान जहां-जहां भी कमियां पायी गयीं, वहां तत्काल सुधार के निर्देश दिए गये. इससे पूर्व भी जांच अभियान के दौरान कमियां पाए जाने पर दो बार प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है और तीन गैस सिलेंडर जब्त किए जा चुके हैं. जांच के क्रम में सभी पदाधिकारियों द्वारा संबंधित एजेंसी एवं होटल/रेस्टोरेंट संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि किसी प्रकार की अनियमितता, कालाबाजारी या घरेलू गैस का व्यावसायिक उपयोग पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जायेगी. साथ ही, वैकल्पिक स्वच्छ ईंधन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) सप्लाई के लिए इच्छुक उपभोक्ताओं से आवेदन प्राप्त किए जा रहे हैं तथा लोगों को इसके उपयोग के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है. अधिक जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 18003452711, 9006997721 एवं 7992351566 पर संपर्क किया जा सकता है.जिला नियंत्रण कक्ष में सुनी जा रही शिकायत
जिला नियंत्रण कक्ष में प्रतिनियुक्त कर्मियों द्वारा लगातार आम उपभोक्ताओं से प्राप्त होने वाली समस्याओं को सुना जा रहा है तथा प्राप्त समस्त शिकायतों के निष्पादन के लिए संबंधित पदाधिकारियों को अग्रसारित किया जा रहा है, ताकि समस्याओं का त्वरित व प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके. जिला नियंत्रण कक्ष से प्राप्त जानकारी के अनुसार कुल तीन शिकायतें प्राप्त हुई थीं, जिनका निष्पादन कर दिया गया है.
5182 उपभोक्ताओं को गैस की हुई आपूर्ति
गैस आपूर्ति की स्थिति की जानकारी देते हुए जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि 3261 उपभोक्ताओं द्वारा गैस की बुकिंग करायी गयी है, जबकि 5182 उपभोक्ताओं को गैस उपलब्ध करा दी गयी है, जिससे आपूर्ति व्यवस्था की सुचारूता परिलक्षित होती है. आम उपभोक्ताओं से अपील की गयी है कि गैस की पर्याप्त उपलब्धता को देखते हुए अनावश्यक या पैनिक बुकिंग न करें तथा आवश्यकता अनुसार ही गैस की बुकिंग करें.
