शंभुगंज में ईको क्लब एवं ट्यूनिंग कार्यक्रम आयोजित
शंभुगंज. शंभुगंज प्रखंड क्षेत्र के प्लस टू उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय वारसाबाद में ईको क्लब एवं ट्यूनिंग कार्यक्रम का सफल एवं प्रेरणादायक आयोजन किया गया. इस अवसर पर पथड्डा फुल्लीडुमर एवं कैथा फुल्लीडुमर विद्यालय के शिक्षक और छात्र-छात्राओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई. कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत गीत और अतिथि देवो भव की भावना के साथ हुई. सांस्कृतिक प्रस्तुति में छात्रा अवनी सिंह ने राम आएंगे की धुन पर तथा दीपावली पर पापा क्यों नहीं आए विषय पर मार्मिक प्रस्तुति देकर सभी को भावुक कर दिया.कार्यक्रम में प्रधानाध्यापिका लेखनी कुमारी, शिक्षक संजय यादव एवं नोडल शिक्षक अनुराग कुमार ने पर्यावरण संरक्षण और शिक्षा में नवाचार की भूमिका पर विचार रखे. अतिथि विद्यालयों की प्रधानाध्यापिका रीना सिंह और प्रधानाध्यापक प्रकाश चौधरी ने भी छात्रों को प्रेरित किया. इसके बाद विद्यार्थियों ने आइसीटी एवं विज्ञान लैब का अवलोकन किया, जहां कान की कार्यविधि का प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र रहा. पेंटिंग, क्विज सहित विभिन्न गतिविधियों में छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. खेल प्रतियोगिता में कबड्डी में वारसाबाद विजेता रहा, जबकि पथड्डा और कैथा संयुक्त उपविजेता बने. पेंटिंग और क्विज में तीनों विद्यालय संयुक्त विजेता रहे. अंत में पुरस्कार वितरण में शील्ड, मेडल और कलम देकर छात्रों को सम्मानित किया गया. अवनी सिंह को विशेष पुरस्कार दिया गया. कार्यक्रम के समापन पर पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ पौधा भेंट किया गया. कार्यक्रम को सफल बनाने में वारसाबाद के सभी शिक्षक सह विद्यार्थी, वहीं पथड्डा से जान्हवी सुमन, कंचनमाला, रूपा, किसलय तथा कैथा से गौसिया खातून, सरिता कुमारी तथा अन्य सहयोगी शिक्षक के रूप में उपस्थित रहीं. पथड्डा से छात्रा सुप्रिया, लाखो, कैथा से सुगंधा, स्मृति, मुस्कान सहित अन्य मौजूद थे.
