प्रचंड गर्मी से पशु हो रह बीमार, दूध उत्पादन में भारी गिरावट

Banka News : भीषण गर्मी का असर अब सिर्फ इंसानों तक सीमित नहीं रहा. चांदन क्षेत्र में आसमान से बरसती आग और लू के थपेड़ों ने पशुओं की हालत भी बिगाड़ दी है. दुधारू गायें बीमार पड़ रही हैं और दूध उत्पादन में लगातार गिरावट से पशुपालकों की चिंता बढ़ गई है.

चांदन (बांका) से अमरेंद्र पांडेय की रिपोर्ट

बांका जिले के चांदन प्रखंड में पड़ रही प्रचंड गर्मी का असर पशुपालन व्यवसाय पर भी साफ दिखने लगा है. तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दुधारू पशु बीमार पड़ रहे हैं, जिससे दूध उत्पादन में भारी कमी आई है. दूसरी ओर चारे की बढ़ती कीमतों ने पशुपालकों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं. ग्रामीण इलाकों में पशुपालक आर्थिक संकट की स्थिति का सामना कर रहे हैं.

गर्मी से पशुओं की बिगड़ रही तबीयत

चांदन प्रखंड क्षेत्र में लगातार बढ़ते तापमान ने पशुओं के स्वास्थ्य पर गंभीर असर डाला है. पशुपालकों का कहना है कि दोपहर के समय चलने वाली गर्म हवाओं और तेज धूप के कारण पशु सुस्त पड़ जा रहे हैं. कई पशुओं में भूख कम लगने, कमजोरी और बुखार जैसी समस्याएं देखी जा रही हैं.विशेष रूप से दुधारू गाय और भैंसों पर गर्मी का असर अधिक पड़ रहा है, जिससे दूध देने की क्षमता घटती जा रही है.

दूध उत्पादन में आई भारी गिरावट

स्थानीय पशुपालकों के अनुसार, भीषण गर्मी के कारण दूध उत्पादन में काफी कमी दर्ज की गई है. पहले जहां एक पशु से पर्याप्त मात्रा में दूध मिलता था, वहीं अब उत्पादन में लगातार गिरावट हो रही है.इसका असर सीधे पशुपालकों की आय पर पड़ रहा है. कई परिवारों की रोजी-रोटी डेयरी व्यवसाय पर निर्भर है, लेकिन उत्पादन घटने से आर्थिक संकट गहराने लगा है.

चारे की कीमतों ने बढ़ाई चिंता

गर्मी के बीच हरे चारे की कमी और सूखे हालात के कारण पशु चारे की कीमतें भी तेजी से बढ़ गई हैं. पशुपालकों का कहना है कि पशुओं को पर्याप्त चारा उपलब्ध कराना मुश्किल होता जा रहा है.एक तरफ पशु बीमार पड़ रहे हैं और दूसरी तरफ महंगे चारे ने पशुपालकों की कमर तोड़ दी है.

विशेष देखभाल की जरूरत

जानकारों का कहना है कि इस मौसम में पशुओं को तेज धूप से बचाना बेहद जरूरी है. पशुओं को पर्याप्त पानी, छांव और पौष्टिक आहार देने से गर्मी के प्रभाव को कम किया जा सकता है.ग्रामीणों ने पशुपालन विभाग से प्रभावित पशुपालकों के लिए राहत और जागरूकता अभियान चलाने की मांग की है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >