बांका जिले में मानसून सक्रिय रहने के कारण मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है. कभी तेज धूप और उमस तो कभी बारिश होने से तापमान में उतार-चढ़ाव बना हुआ है. मंगलवार सुबह जिले के अधिकांश हिस्सों में आसमान में बादल छाए रहे. पूर्वा हवा चलने से लोगों को गर्मी और उमस से कुछ राहत मिली. मौसम विभाग के अनुसार दोपहर बाद जिले के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है. इस दौरान 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान है.
19 अगस्त तक बारिश का पूर्वानुमान
बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के ग्रामीण कृषि मौसम सेवा केंद्र ने 19 अगस्त तक बांका जिले में गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है. इस दौरान आसमान में घने बादल छाए रहने और एक-दो स्थानों पर आंधी चलने की संभावना जताई गई है. दक्षिण-पूर्व दिशा से 5 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है.
तापमान में बड़े बदलाव के संकेत नहीं
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले तीन दिनों तक जिले के तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है. मंगलवार को अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. सुबह के समय सापेक्ष आर्द्रता 85 से 90 प्रतिशत तक रह सकती है, जबकि दोपहर में यह 60 से 65 प्रतिशत के आसपास रहने की संभावना है.
बारिश से धान रोपनी में आई तेजी
बारिश के पूर्वानुमान से जिले के किसानों को राहत मिली है. खेतों में पर्याप्त नमी रहने के कारण धान की रोपनी में तेजी आई है. कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को धान की रोपनी में अधिक देरी नहीं करने की सलाह दी है. वैज्ञानिकों के अनुसार रोपनी में ज्यादा विलंब होने पर धान की उपज में 15 से 20 प्रतिशत तक कमी आ सकती है.
18 से 25 दिन पुराने पौधों की करें रोपाई
कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को 18 से 25 दिन पुराने स्वस्थ धान के पौधों का उपयोग करने की सलाह दी है. पौधों के बीच करीब 15×15 सेंटीमीटर की दूरी रखने को कहा गया है. साथ ही सामान्य से अधिक स्वस्थ पौधों की रोपाई करने की सलाह दी गई है, ताकि आगे चलकर नमी की कमी से होने वाले संभावित नुकसान की भरपाई की जा सके.
बारिश के साथ आंधी-गरज से रहें सावधान
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार जिले में कुछ स्थानों पर गरज-चमक और तेज हवा के साथ बारिश हो सकती है. ऐसे में किसानों और आम लोगों को मौसम खराब होने के दौरान खुले स्थानों, पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहने की जरूरत है. मानसून की सक्रियता के बीच अगले कुछ दिनों तक जिले में बादल और बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है.
