हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा पंजवारा, सरस्वती शिशु मंदिर के नौनिहालों ने निकाली भव्य कांवड़ यात्रा

पंजवारा क्षेत्र भक्तिमय हो गया जब सरस्वती शिशु मंदिर के छात्रों ने सावन की तीसरी सोमवारी पर भव्य कांवड़ यात्रा निकाली। पारंपरिक वेशभूषा में सजे बच्चों ने बाबा गढ़ीनाथ मंदिर में जलाभिषेक किया। यह आयोजन बच्चों को संस्कृति और परंपरा से जोड़ने का एक सुंदर प्रयास रहा।

Banka Kanwar Yatra: पंजवारा (बांका). सावन मास की तीसरी सोमवारी पर सोमवार को पंजवारा क्षेत्र भक्ति और आस्था के रंग में सराबोर नजर आया. थाना क्षेत्र के पुराना बाजार स्थित सरस्वती शिशु मंदिर के विद्यार्थियों ने भव्य कांवड़ यात्रा निकाली. पारंपरिक वेशभूषा में भगवान शिव और माता पार्वती के विभिन्न स्वरूपों में सजे बच्चों ने कांवड़ उठाकर बाबा गढ़ीनाथ मंदिर तक यात्रा की. इस दौरान पूरे मार्ग में हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारे गूंजते रहे.

विद्यालय परिसर से शुरू हुई कांवड़ यात्रा

कांवड़ यात्रा की शुरुआत सरस्वती शिशु मंदिर परिसर से हुई. विद्यालय परिसर में बच्चों ने कांवड़ में जल भरा और इसके बाद पैदाचक, बजरंगबली मंदिर तथा पंजवारा एक्सचेंज के रास्ते ऐतिहासिक बाबा गढ़ीनाथ मंदिर के लिए रवाना हुए. छोटे-छोटे कांवड़ियों की यात्रा देखने के लिए सड़क के दोनों ओर ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही.

भक्ति के साथ दिखा अनुशासन

यात्रा के दौरान बच्चे कतारबद्ध होकर पूरे अनुशासन के साथ आगे बढ़ते रहे. भगवान शिव और माता पार्वती के विभिन्न स्वरूपों में सजे नन्हे विद्यार्थियों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया. ग्रामीणों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर बच्चों का स्वागत किया और हर-हर महादेव के जयकारों के साथ उनका उत्साह बढ़ाया.

बाबा गढ़ीनाथ मंदिर में किया जलाभिषेक

ऐतिहासिक बाबा गढ़ीनाथ मंदिर पहुंचने के बाद विद्यार्थियों ने विधि-विधान से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक और षोडशोपचार पूजन किया. बच्चों ने देश, समाज और अपने परिवार की सुख-शांति, समृद्धि एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की. पूजा-अर्चना के बाद कांवड़ यात्रा वापस विद्यालय परिसर पहुंचकर संपन्न हुई.

बच्चों को संस्कृति और परंपरा से जोड़ने का प्रयास

विद्यालय के प्रधानाचार्य ने बताया कि इस तरह के धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों का उद्देश्य बच्चों को भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं और नैतिक संस्कारों से परिचित कराना है. उन्होंने कहा कि बचपन से ही बच्चों को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने से उनमें संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है.

विद्यालय परिवार और पुलिस ने संभाली जिम्मेदारी

Banka Kanwar Yatra: आयोजन को सफल बनाने में प्रधानाचार्य राजेश यादव, चित्तरंजन सिंह, आचार्य श्रीमती खुशबू कुमारी, दिव्य प्रकाश, मुस्कान कुमारी, कुमारी अनन्या, तस्मीन कौशिक सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं कर्मचारियों का योगदान रहा. यात्रा के दौरान बच्चों की सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी मुस्तैद रहा.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By गौरव कश्यप

गौरव कश्यप प्रिंट माध्यम में 14 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. पंजवारा (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >