बांका के भाजपा विधायक सह पूर्व मंत्री रामनारायण मंडल रविवार को पंजवारा पहुंचे थे. सिंह कॉम्प्लेक्स परिसर में स्थानीय कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों के साथ आयोजित बैठक में क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था का मुद्दा प्रमुखता से उठा. ग्रामीणों ने हस्ताक्षरयुक्त आवेदन सौंपकर मुख्य मार्ग से नई बिजली लाइन खींचने की मांग की. विधायक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल विभाग के आला अधिकारियों से बातचीत की और जल्द सुधार का भरोसा दिलाया.
पूरी रात बिजली गुल रहने से परेशान लोग
ग्रामीणों ने बताया कि पंजवारा में बिजली आपूर्ति की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है. उमस भरी गर्मी में लोगों को कई-कई घंटे बिजली के बिना रहना पड़ रहा है. कई बार पूरी रात बिजली नहीं रहने से बच्चों, बुजुर्गों और आम लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है.
ग्रामीणों का आरोप था कि समस्या की शिकायत करने के लिए जब विभागीय अधिकारियों से संपर्क किया जाता है, तो कई बार फोन तक नहीं उठाया जाता. ग्रामीणों ने बताया कि करीब एक सप्ताह पहले विभाग के कार्यपालक अभियंता को हस्ताक्षरयुक्त आवेदन भी दिया गया था, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ.
खेतों के रास्ते गुजर रही बिजली लाइन से बढ़ रही परेशानी
ग्रामीणों ने बिजली संकट की तकनीकी वजह भी विधायक के सामने रखी. बताया कि वर्तमान में पंजवारा की बिजली आपूर्ति कई गांवों से होकर खेतों के रास्ते पहुंचती है. इस लाइन में कहीं फाल्ट आने पर खराबी का पता लगाने में बिजली कर्मियों को काफी समय लग जाता है.
ग्रामीणों ने मांग की कि बाराहाट से पंजवारा तक मुख्य सड़क के किनारे नये बिजली के खंभे लगाकर लाइन बिछायी जाए. इससे लाइन का निरीक्षण और फाल्ट की पहचान आसान होगी तथा बिजली आपूर्ति में सुधार हो सकेगा.
विधायक ने मौके से ही मंत्री से किया संपर्क
ग्रामीणों की समस्या सुनने के बाद विधायक रामनारायण मंडल ने तत्काल पहल की. उन्होंने मौके से ही बिहार सरकार के ऊर्जा मंत्री बुलो मंडल से दूरभाष पर बातचीत कर पंजवारा की विद्युत व्यवस्था की स्थिति से अवगत कराया.
मंत्री के निर्देश के बाद बिजली विभाग के एसीएस ने भी विधायक से फोन पर बात कर समस्या की पूरी जानकारी ली. एसीएस ने जल्द से जल्द बिजली संकट दूर करने का भरोसा दिलाया.
बैठक में जुटे कार्यकर्ता और ग्रामीण
इस दौरान जिला भाजपा महामंत्री सुभाष साह, मंडल अध्यक्ष अविनाश सिंह, मुखिया भोला पासवान, उज्जवल सिन्हा, ललित किशोर सिंह, पैक्स अध्यक्ष सुनील सिंह, रासमोहन ठाकुर, बालकिशोर भगत, श्याम सुंदर पंडित, दीपक मंडल, गौतम मंडल समेत बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे. बैठक में ग्रामीणों ने उम्मीद जतायी कि विभागीय स्तर पर त्वरित कार्रवाई होने से पंजवारा की लंबे समय से चली आ रही बिजली समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा.
