Banka News: पंजवारा (बांका). क्षेत्र में जीविका महिला संकुल स्तरीय संघ यानी सीएलएफ की वार्षिक आमसभा आयोजित की गयी. कार्यक्रम का शुभारंभ जिला परियोजना प्रबंधक (डीपीएम) राकेश कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी गोपाल कुमार गुप्ता, प्रखंड परियोजना प्रबंधक (बीपीएम) अजीत कुमार, प्रबंधक जय कुमार तथा संकुल संघ की अध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया.
इस अवसर पर प्रखंड कार्यालय से जॉनी कुमारी, ललन कुमार, निखिल और कंचन के अलावा एमआईएस ज्योति कुमारी, रौशन कुमार, विकास कुमार और राजेश कुमार सहित अन्य कर्मी मौजूद रहे.
सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील
आमसभा को संबोधित करते हुए अतिथियों और जीविका पदाधिकारियों ने स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी दीदियों को सरकार की ओर से संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया.
वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं को वित्तीय सहायता, ऋण और अनुदान जैसी सुविधाओं का सदुपयोग कर आजीविका के नये अवसर तलाशने चाहिए. इससे परिवार की आय बढ़ाने के साथ महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकती हैं.
उन्होंने स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार को बढ़ावा देने और ग्रामीण क्षेत्र की अन्य महिलाओं को भी आत्मनिर्भरता की राह से जोड़ने पर जोर दिया.
सदस्यों के सामने रखा गया आय-व्यय का पूरा ब्योरा
जिला परियोजना प्रबंधक राकेश कुमार और बीपीएम अजीत कुमार ने बताया कि वार्षिक आमसभा का उद्देश्य संकुल संघ की ओर से वर्षभर किये गये विकासात्मक कार्यों के साथ आय-व्यय का पूरा लेखा-जोखा सदस्यों के सामने पारदर्शी तरीके से रखना है.
इसी क्रम में वित्तीय वर्ष के आय-व्यय का विस्तृत ब्योरा आमसभा में प्रस्तुत किया गया. सदस्यों ने ब्योरे पर चर्चा के बाद उसे सर्वसम्मति से पारित कर दिया.
Banka News : बेहतर काम करने वाली दीदियां और कैडर सम्मानित
कार्यक्रम के समापन पर उत्कृष्ट और सराहनीय कार्य करने वाली कई जीविका दीदियों और कैडरों को सम्मानित किया गया. मंचासीन पदाधिकारियों ने चयनित प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार प्रदान किये.
सम्मान मिलने पर जीविका से जुड़ी महिलाओं में उत्साह देखा गया. कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं को समूह की गतिविधियों को मजबूत करने, उपलब्ध सरकारी योजनाओं का लाभ लेने और स्थानीय स्तर पर आजीविका के नये अवसर विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया.
Also Read: JDU के ओरिएंटेशन कार्यक्रम में नहीं पहुंचे अनंत सिंह, एक मंच पर दिखे नीतीश-निशांत, चल रही है बैठक
Also Read: पटना सिविल कोर्ट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, खाली कराया जा रहा परिसर, सर्च ऑपरेशन शुरू
