कटोरिया (बांका) से दीपक चौधरी की रिपोर्ट : बांका जिले के आनंदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत भैरोगंज-केंदुआर पक्की सड़क मार्ग पर शुक्रवार को हुए सड़क हादसे में एक मोबाइल दुकानदार गंभीर रूप से घायल हो गया. दुर्घटना के बाद घायल युवक को कटोरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए देवघर रेफर कर दिया गया.
बच्चे को बचाने में हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, केंदुआर गांव निवासी रतन लाल यादव के 26 वर्षीय पुत्र अमित कुमार यादव भैरोगंज बाजार स्थित अपनी मोबाइल दुकान पर बाइक से जा रहे थे. इसी दौरान धरहरा गांव के समीप सड़क पर अचानक एक बच्चा दौड़कर आ गया. बच्चे को बचाने के प्रयास में बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया.
सिर और हाथ में लगी गंभीर चोट
हादसे में मोबाइल दुकानदार अमित कुमार यादव सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. दुर्घटना के बाद स्थानीय ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे और घायल युवक को तत्काल कटोरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. अस्पताल में मेडिकल टीम ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए देवघर रेफर कर दिया.अचानक हुई घटना से दहशत
घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई. ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर अचानक बच्चों और पशुओं के आ जाने से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं. लोगों ने सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाने और संवेदनशील इलाकों में सावधानी बरतने की अपील की है.
