तीन दिनों से लापता छठी की छात्रा का कुएं में मिला शव, गांव में मचा कोहराम

कटोरिया के ढकना गांव से तीन दिनों से लापता 11 वर्षीय छात्रा प्रीति कुमारी का शव आज सुबह गांव के पास खेत में स्थित कुएं से बरामद हुआ है. इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

कटोरिया (बांका) : सुईया थाना क्षेत्र के धनुवसार पंचायत अंतर्गत ढकना गांव में तीन दिनों से लापता 11 वर्षीय छात्रा का शव शुक्रवार सुबह घर से करीब आधा किलोमीटर दूर खेत में स्थित कुएं से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. मृत छात्रा की पहचान ढकना गांव निवासी निरंजन यादव और रूबी देवी की पुत्री प्रीति कुमारी के रूप में हुई है. वह कक्षा छह की छात्रा थी.

स्कूल जाने के लिए निकली, फिर नहीं लौटी

जानकारी के अनुसार प्रीति कुमारी 19 अगस्त की सुबह करीब नौ बजे घर से स्कूल जाने के लिए निकली थी. शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की. आसपास के इलाकों के अलावा रिश्तेदारों और परिचितों से भी पूछताछ की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला.

इसके बाद 20 अगस्त को छात्रा की मां रूबी देवी ने सुईया थाना में लिखित आवेदन देकर बेटी की बरामदगी की गुहार लगाई थी.

खेत के कुएं में मिला शव

शुक्रवार सुबह ग्रामीणों को घर से करीब आधा किलोमीटर दूर खेत में स्थित कुएं में छात्रा का शव होने की जानकारी मिली. सूचना मिलते ही सुईया पुलिस मौके पर पहुंची. एसडीपीओ सुमित शेखर, कटोरिया इंस्पेक्टर रंजीत कुमार और सुईया थानाध्यक्ष कन्हैया कुमार झा दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे.

पुलिस ने ग्रामीणों और चौकीदार की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया. इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बांका भेज दिया गया.

परिवार में मचा कोहराम, जांच में जुटी पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई. बेटी की मौत से मां रूबी देवी, पिता निरंजन यादव सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. छात्रा की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा. पुलिस मामले के सभी संभावित बिंदुओं पर जांच-पड़ताल कर रही है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By दीपक चौधरी

दीपक चौधरी प्रिंट माध्यम में 23 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. कटोरिया (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >