कटोरिया (बांका) से दीपक चौधरी की रिपोर्ट :
बांका जिले के कटोरिया-सुईया मुख्य मार्ग पर स्थित गड़ुआ जंगल एक बार फिर सड़क हादसे का गवाह बना. गुरुवार और शुक्रवार की मध्य रात्रि मुंगेर से मकई लोड कर कोलकाता जा रहा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया. हादसे में ट्रक चालक और खलासी गंभीर रूप से घायल हो गए. सूचना मिलते ही सुईया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को कटोरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए संग्रामपुर अस्पताल रेफर किया गया.गड़ुआ जंगल का मोड़ फिर बना हादसे की वजह
स्थानीय लोगों के अनुसार, कटोरिया-सुईया मार्ग का गड़ुआ जंगल इलाका पहले भी कई दुर्घटनाओं के लिए चर्चित रहा है. घने जंगल और तीखे मोड़ की वजह से यहां वाहन चालकों को काफी सतर्क रहना पड़ता है. बताया जा रहा है कि गुरुवार देर रात मकई लोड ट्रक मुंगेर से कोलकाता की ओर जा रहा था.इसी दौरान गड़ुआ जंगल स्थित मोड़ पर चालक वाहन से संतुलन खो बैठा और ट्रक सड़क किनारे पलट गया. हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गयी.
घायल चालक मुंगेर जिला का निवासी
दुर्घटना में घायल ट्रक चालक की पहचान मुंगेर जिले के टेटियाबंबर थाना क्षेत्र अंतर्गत भलगोरी गांव निवासी 35 वर्षीय कुलदीप यादव के रूप में हुई है. वहीं जख्मी खलासी की पहचान गंगटा थाना क्षेत्र के तेतरिया-दरियापुर गांव निवासी 17 वर्षीय कमलेश कुमार के रूप में की गई है.
हादसे के बाद दोनों सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़े थे. सूचना मिलते ही सुईया थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटोरिया में भर्ती कराया.कटोरिया सीएचसी में हुआ प्राथमिक उपचार
कटोरिया सीएचसी में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ विनोद कुमार ने दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार किया. डॉक्टरों के अनुसार दोनों को शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं. बेहतर इलाज के लिए दोनों को बाद में संग्रामपुर स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया.स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि गड़ुआ जंगल के खतरनाक मोड़ों पर चेतावनी बोर्ड और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई जाए ताकि लगातार हो रहे सड़क हादसों पर रोक लगाई जा सके.
