बौंसी. बौंसी थाना क्षेत्र के किशनपुर गांव में सोमवार को अचानक लगी आग ने एक किसान की महीनों की मेहनत को पलभर में राख कर दिया. आग की इस घटना में खलिहान में रखे तीन बड़े पुआल के टाल जलकर नष्ट हो गए. इससे करीब 50 से 60 हजार रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी जयप्रकाश मंडल के खलिहान से अचानक धुआं उठता देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और खलिहान में रखे पुआल के तीनों बड़े टाल उसकी चपेट में आ गए. पीड़ित किसान के पुत्र कुबेर मंडल ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आग काफी फैल चुकी थी. आग की लपटें इतनी तेज थीं कि उसे नियंत्रित करना मुश्किल हो रहा था. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों ने एकजुट होकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया. करीब सात पंपिंग सेट की मदद से लगातार पानी डाला गया. ग्रामीणों की तत्परता और सामूहिक प्रयास से आग को आसपास के क्षेत्रों में फैलने से रोक लिया गया. घटना की सूचना दमकल विभाग को भी दी गई. सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने के कार्य में जुट गई. काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया. हालांकि पुआल के अंदरूनी हिस्सों में देर शाम तक सुलगन बनी रही, जिसे पूरी तरह बुझाने का कार्य जारी था. घटना के बाद पीड़ित परिवार गहरे सदमे में है. जयप्रकाश मंडल ने बताया कि आग से हुए नुकसान की भरपाई के लिए मंगलवार को अंचलाधिकारी को लिखित आवेदन देकर सरकारी सहायता की मांग की जाएगी. ग्रामीणों ने भी प्रशासन से पीड़ित किसान को उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है.
खलिहान में लगी भीषण आग, किसान के तीन बड़े पुआल टाल जलकर राख
बौंसी थाना क्षेत्र के किशनपुर गांव में सोमवार को अचानक लगी आग ने एक किसान की महीनों की मेहनत को पलभर में राख कर दिया.
