Mandar Rath Yatra: बांका जिले के बौंसी स्थित पावन मंदार क्षेत्र में गुरुवार को भगवान मधुसूदन की ऐतिहासिक रथयात्रा पूरे धार्मिक विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच धूमधाम से निकाली गई. आषाढ़ शुक्ल द्वितीया के अवसर पर आयोजित यह रथयात्रा देश के उन विरले धार्मिक आयोजनों में शामिल है, जहां भगवान मधुसूदन वर्ष में दो बार भव्य रथ पर विराजमान होकर अपने भक्तों को दर्शन देते हैं.
महास्नान और विशेष पूजन के बाद निकली रथयात्रा
रथयात्रा से पहले प्रातःकाल मंदिर परिसर में वैदिक आचार्यों ने भगवान मधुसूदन का पंचामृत से महास्नान कराया. विशेष श्रृंगार और पूजन-अर्चन के बाद दोपहर 2 बजकर 39 मिनट पर भगवान 16 पहियों वाले भव्य रथ पर विराजमान होकर नगर भ्रमण के लिए निकले. रथ के आगे बढ़ते ही "जय मंदार" और "जय मधुसूदन" के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा. श्रद्धालुओं में रथ को स्पर्श करने की होड़ देखी गई, जिसे वे अपने जीवन का सौभाग्य मानते हैं.
हरिनाम संकीर्तन से भक्तिमय हुआ वातावरण
Mandar Rath Yatra: महात्मा भोली बाबा की संकीर्तन मंडली ने रथयात्रा की शोभा और बढ़ा दी. ढोल, मृदंग, झांझ और हरिनाम संकीर्तन के बीच श्रद्धालु नाचते-गाते भगवान के रथ के साथ चलते रहे. यात्रा के दौरान भगवान को स्थानीय ऋतु के प्रमुख फल आम और कटहल का भोग अर्पित करने की सदियों पुरानी परंपरा भी श्रद्धापूर्वक निभाई गई. लगभग 4 बजकर 50 मिनट पर रथ मंदिर के मुख्य द्वार पहुंचा, जहां पुजारियों ने भगवान को पुनः गर्भगृह में विराजमान कराया.
हजारों श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़
रथयात्रा में बांका के अलावा भागलपुर, गोड्डा, देवघर और दुमका सहित आसपास के जिलों से हजारों श्रद्धालु पहुंचे. भारी भीड़ के कारण बौंसी बाजार के प्रमुख मार्गों पर दिनभर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं. श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ भगवान मधुसूदन के दर्शन किए.
प्रशासन ने किए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
रथयात्रा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की थी. विभिन्न स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी. बीडीओ हर्ष पराशर, सीओ अलका आर्या, थानाध्यक्ष पंकज कुमार झा, पंडित अवधेश ठाकुर सहित बड़ी संख्या में प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी पूरे आयोजन की निगरानी में जुटे रहे.
ALSO READ: कटोरिया अस्पताल में एएनएम ने असहाय वृद्धा को अपने हाथों से खिलाया भोजन, वीडियो ने जीता लोगों का दिल
