कटोरिया (बांका) से दीपक चौधरी की रिपोर्ट
Banka News : बांका जिले के कटोरिया नगर पंचायत क्षेत्र अंतर्गत राधानगर बाजार के राजासारे मुहल्ला में शुक्रवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार के बैनर तले जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में ग्रामीणों को आगामी 21 से 23 अगस्त तक आयोजित होने वाली विशेष लोक अदालत के बारे में जानकारी दी गई और सुलहनीय मामलों का निष्पादन लोक अदालत के माध्यम से कराने के लिए प्रेरित किया गया.लोक अदालत के फायदे बताये गये
कार्यक्रम में पीएलवी सदस्य राजेश कुमार चौधरी ने उपस्थित लोगों को बताया कि लोक अदालत के माध्यम से लंबे समय से चल रहे विवादों का आसान और कम खर्च में समाधान किया जा सकता है.उन्होंने कहा कि कई बार दो पक्षों के बीच मुकदमे सिर्फ अहंकार के कारण वर्षों तक चलते रहते हैं. दोनों पक्ष समझौता करने से बचते हैं, जबकि इससे समय और धन दोनों की बर्बादी होती है.ग्रामीणों को समझाते हुए उन्होंने कहा कि सुलह-समझौता कमजोरी नहीं बल्कि समझदारी की निशानी है.कविता के जरिये दिया समझौते का संदेश
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान पीएलवी सदस्य राजेश कुमार चौधरी ने कविता सुनाकर लोगों को लोक अदालत के महत्व के बारे में बताया. उन्होंने कहा—“लोक अदालत में कलम का ऐसा तीर मारेंगे,कोई भी ना जीतेंगे, कोई भी ना हारेंगे.”कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने कविता की सराहना की और लोक अदालत की प्रक्रिया में रुचि दिखाई.
