कटोरिया में तेज हवा और मेघ गर्जन के साथ हुई रिमझिम बारिश, हीटवेव से लोगों को राहत
Banka Weather Update : कई दिनों से भीषण गर्मी और हीटवेव की मार झेल रहे लोगों को शुक्रवार को राहत मिली, जब कटोरिया में अचानक मौसम बदला और तेज हवा के साथ रिमझिम बारिश शुरू हो गयी.
कटोरिया (बांका) से दीपक चौधरी की रिपोर्ट
Banka Weather News : बांका जिले के कटोरिया एवं आसपास के क्षेत्रों में शुक्रवार को करीब 11 बजे मौसम ने अचानक करवट ले ली. आसमान में घने काले बादल छा गये और तेज हवा व मेघ गर्जन के साथ रिमझिम बारिश शुरू हो गयी. बारिश होने से लोगों को हीटवेव और उमस भरी गर्मी से काफी राहत मिली. हालांकि कई बाजार और मोहल्लों में जलजमाव की समस्या भी देखने को मिली.
बारिश से मौसम हुआ सुहाना
लगातार पड़ रही तेज धूप और गर्म हवाओं से लोग परेशान थे. शुक्रवार को अचानक मौसम बदलने के बाद वातावरण पूरी तरह सुहाना हो गया.तेज हवाओं के साथ हुई हल्की बारिश से तापमान में गिरावट महसूस की गयी और लोगों ने राहत की सांस ली. कई दिनों बाद मौसम ठंडा होने से बाजारों और सड़कों पर भी हलचल बढ़ गयी.
खेतों में लगी सब्जियों और फूलों को फायदा
स्थानीय किसानों ने बताया कि पिछले कई दिनों से तेज धूप के कारण खेतों में लगी सब्जियों और फूलों के पौधे झुलसने लगे थे.शुक्रवार को हुई रिमझिम बारिश से खेतों में नमी बढ़ी है, जिससे सब्जियों और फूलों की फसलों को काफी फायदा पहुंचने की उम्मीद है. किसानों के चेहरे पर बारिश के बाद खुशी दिखाई दी.
दिन में छा गया अंधेरा
मौसम बदलने के दौरान आसमान में घने काले बादल छा गये, जिससे कुछ देर के लिए दिन में ही अंधेरा जैसा माहौल बन गया.स्थिति ऐसी हो गयी कि सड़क पर चल रहे वाहन चालकों को दिन में ही लाइट जलाकर गाड़ी चलानी पड़ी.
कुछ इलाकों में जलजमाव की समस्या
बारिश के कारण बाजार और ग्रामीण क्षेत्रों के कुछ मोहल्लों में जलजमाव की स्थिति भी उत्पन्न हो गयी. लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ा.इसके बावजूद अधिकांश लोगों ने बारिश को राहत भरी बताया और कहा कि इससे भीषण गर्मी से काफी राहत मिली है.