कटोरिया (बांका). डीएम अंशुल अग्रवाल के निर्देश पर मंगलवार को कटोरिया स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय टाइप-थ्री एवं डॉ. अंबेडकर कल्याण छात्रावास परिसर में विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में एमडीएम डीपीएम रतन कुमार एवं बीईओ मनोज मिश्र ने विद्यार्थियों की शैक्षणिक समस्याएं, शिकायतें और सुझाव सुने. अधिकारियों ने विद्यार्थियों को अपनी वास्तविक समस्याएं दर्ज कराने के लिए प्रोत्साहित किया और निर्धारित समय सीमा में समाधान का भरोसा दिलाया.
कक्षा संचालन से लेकर पेयजल व शौचालय तक की शिकायत दर्ज कराने की सुविधा
शिविर में विद्यार्थियों को बताया गया कि कक्षाओं का समय पर संचालन नहीं होना, शिक्षकों की अनुपस्थिति या समय पर कक्षा में नहीं पहुंचना, परीक्षा के संचालन में देरी, परीक्षा परिणाम के प्रकाशन में विलंब, अनधिकृत शुल्क वसूली जैसी समस्याओं की शिकायत दर्ज कराई जा सकती है. इसके अलावा कक्षाओं में बिजली और बैठने की व्यवस्था, प्रयोगशाला, पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई और कोचिंग से जुड़ी समस्याओं को भी पोर्टल पर दर्ज कराने की सुविधा दी गई है.
विद्यार्थी सहयोग पोर्टल से भी दर्ज करा सकेंगे शिकायत
अधिकारियों ने बताया कि शिविर के अलावा विद्यार्थी अपनी शिकायतें और सुझाव विद्यार्थी सहयोग पोर्टल के माध्यम से भी दर्ज करा सकते हैं. पोर्टल पर संबंधित संस्थानों के वास्तविक विद्यार्थियों को ही पंजीकरण की सुविधा दी गई है. विद्यार्थियों को शैक्षणिक व्यवस्था में सुधार से जुड़े उपयोगी सुझाव देने के लिए भी प्रेरित किया गया.
अधिकतम 30 दिनों में होगा शिकायत का निस्तारण
अधिकारियों ने बताया कि प्राप्त शिकायतों का संबंधित प्रशासनिक विभाग द्वारा नियमानुसार निस्तारण किया जाएगा. शिकायतों के अंतिम निस्तारण के लिए अधिकतम 30 दिनों की समय सीमा निर्धारित की गई है. वहीं शैक्षणिक सुधार से संबंधित उपयोगी सुझावों को संबंधित विभाग तक भेजकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.
चौथे मंगलवार को आयोजित होगा विद्यार्थी सहयोग शिविर
सरकार की ओर से विद्यार्थियों की समस्याओं का निर्धारित समय सीमा में समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रत्येक माह के चौथे मंगलवार को विद्यार्थी सहयोग शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया गया है. अधिकारियों ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे अपनी वास्तविक समस्याओं और उपयोगी सुझावों को शिविर या विद्यार्थी सहयोग पोर्टल के माध्यम से दर्ज कराएं.
ये रहे मौजूद
शिविर में वार्डन कनकलता, टीचर भारती सारिका, कंचन माला भारती, नीतू कुमारी, दीपशिखा, ज्योति कुमारी, लेखपाल सुदीप कुमार गुप्ता सहित अन्य कर्मी मौजूद रहे.
