कटोरिया (बांका). कटोरिया नगर पंचायत क्षेत्र अंतर्गत कटोरिया-बांका मुख्य सड़क पर स्थित कठौन गांव में प्रोन्नत मध्य विद्यालय के समीप जलजमाव की समस्या दिनों-दिन विकराल रूप धारण करती जा रही है. सड़क किनारे पक्की नाला का निर्माण नहीं होने और जल निकासी की समुचित व्यवस्था के अभाव में पिछले कई महीनों से सड़क पर पानी जमा रहना आम बात हो गई है. हल्की बारिश होते ही मुख्य सड़क तालाब जैसी नजर आने लगती है, जिससे आम लोगों के साथ-साथ स्कूली बच्चों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. पैदल व बाइक से चलने वाले परेशान सबसे अधिक दिक्कत पैदल चलने वाले लोगों, साइकिल व बाइक सवारों, टोटो और ऑटो चालकों को होती है. सड़क पर जमा पानी के कारण दुर्घटना की आशंका भी लगातार बनी रहती है. प्रोन्नत मध्य विद्यालय आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं को प्रतिदिन गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे अभिभावकों में भी चिंता बढ़ गई है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते समाधान नहीं किया गया तो समस्या और गंभीर हो सकती है. ग्रामीणों ने की समस्या के निदान की मांग ग्रामीणों ने बताया कि कई बार संबंधित विभाग का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया गया, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल सका है. लोगों ने कहा, सड़क के दोनों किनारों पर पक्की नाला का निर्माण एवं प्रभावी जल निकासी व्यवस्था होने से इस समस्या का स्थायी निदान संभव है. पक्की नाला निर्माण की मांग स्थानीय ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग के वरीय अधिकारियों से अविलंब पहल करते हुए सड़क के दोनों ओर पक्की नाला निर्माण कराने तथा जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि आम राहगीरों, वाहन चालकों और स्कूली बच्चों को इस गंभीर समस्या से राहत मिल सके.
कटोरिया के कठौन में जलजमाव से परेशानी, स्कूल के पास सड़क तालाब में तब्दील
कटोरिया के कठौन में जलजमाव से मुख्य सड़क तालाब में तब्दील हो गई है। स्कूली बच्चों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, प्रशासन से नाले की मांग।

कठौन में मुख्य सड़क पर जलजमाव | Prabhat Khabar Network