कटोरिया बाजार के सुईया रोड स्थित बस स्टैंड के समीप काली मंदिर में आयोजित दो दिवसीय रामधुन अखंड संकीर्तन अनुष्ठान का मंगलवार को धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ समापन हो गया. पूजन, हवन, पूर्णाहुति और कलश विसर्जन के साथ संपन्न हुए इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर मां काली का आशीर्वाद प्राप्त किया.
भव्य कलश विसर्जन शोभायात्रा निकली
समापन अवसर पर मंदिर परिसर से दरभाषण नदी तट तक बैंड-बाजे और जयघोष के साथ भव्य कलश विसर्जन शोभायात्रा निकाली गई. शोभायात्रा में भगवान शिव, माता काली, श्रीराम और हनुमान सहित विभिन्न देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं. पूरे मार्ग में "जय श्रीराम", "हर-हर महादेव" और "जय मां काली" के जयघोष गूंजते रहे.
गुलाल लगाकर मनाई खुशी
अनुष्ठान की सफलता पर श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं. यजमान सुमंत सिंह एवं उनकी धर्मपत्नी रीता देवी के नेतृत्व में श्रद्धालु दरभाषण नदी तट पहुंचे, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन-कलश और अनुष्ठान में प्रयुक्त पूजन सामग्री का विधिवत विसर्जन किया गया.
हवन और पूर्णाहुति के बाद हुआ महाप्रसाद वितरण
चौबीस घंटे तक चले रामधुन अखंड संकीर्तन के समापन पर पंडित सुशील पांडेय और बबलू पांडेय ने वैदिक विधि-विधान से हवन, पूजन और पूर्णाहुति संपन्न कराई. इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया, जिसे बड़ी संख्या में लोगों ने श्रद्धापूर्वक ग्रहण किया.
पूरे आयोजन में बना रहा भक्तिमय माहौल
धार्मिक मान्यता के अनुसार रामधुन अखंड संकीर्तन, हवन और कलश विसर्जन से क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि का संचार होता है. इसी आस्था के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने अनुष्ठान में भाग लिया और मां काली से मंगलकामना की.
स्थानीय श्रद्धालुओं का रहा योगदान
आयोजन को सफल बनाने में मंदिर के पुजारी प्रदीप राम के अलावा बसंत सिंह, राजेश उर्फ बिट्टू सिंह, मंटू सिंह, उदय कुमार गुप्ता, श्याम नारायण गुप्ता, संतोष केशरी, सत्येंद्र सिंह, पंकज चौधरी, दीपक गुप्ता, पंकज गुप्ता, ठाकुर कुंदन सिंह, गौतम केशरी, टुनटुन गुप्ता, अशोक गुप्ता, सोनू गुप्ता, विक्की सिंह सहित अनेक श्रद्धालुओं ने सक्रिय भूमिका निभाई.
