कटोरिया (बांका) से दीपक चौधरी की रिपोर्ट
Katoria Bike Accident: आनंदपुर थाना क्षेत्र के पिंड़रा गांव के समीप बुधवार को घटित इस सड़क हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया. स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को तुरंत सड़क से उठाया और इलाज के लिए कटोरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया.
कटोरिया सीएचसी में चल रहा प्राथमिक उपचार
अस्पताल लाते ही ऑन-ड्यूटी चिकित्सक डॉ. मुकेश कुमार और सीएचओ (CHO) गणपत लाल ने सभी घायलों का त्वरित प्राथमिक उपचार शुरू किया. चिकित्सा सूत्रों के अनुसार, हादसे में घायल एक महिला की स्थिति काफी चिंताजनक बनी हुई है, जिसे देखते हुए डॉक्टरों की विशेष निगरानी में उसका गहन इलाज किया जा रहा है.
कटोरिया बाजार से लौट रहा था परिवार
घायलों की पहचान पिंड़रा गांव निवासी 28 वर्षीय बासुदेव मंडल, उनकी 24 वर्षीया पत्नी प्रिया कुमारी, 5 वर्षीय मासूम पुत्र प्रियांश कुमार और 7 वर्षीय पुत्री देविका कुमारी के रूप में हुई है. बताया जाता है कि बासुदेव मंडल अपनी पत्नी और दोनों बच्चों के साथ बाइक से कटोरिया बाजार से खरीदारी कर वापस अपने घर लौट रहे थे.
लड़ती हुई गायों से असंतुलित हुई बाइक
जैसे ही उनकी बाइक पिंड़रा गांव के मुख्य मार्ग के समीप पहुंची, तभी सड़क के बीचों-बीच आपस में लड़ रही दो गायें अचानक उछलते हुए बाइक के सामने आ गईं. रफ्तार अधिक होने के कारण बासुदेव वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सके और बाइक सीधे गायों से टकराती हुई सड़क किनारे गहरे खेत में पलट गई.
Katoria Bike Accident: ग्रामीणों ने निभाई मददगार की भूमिका
हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे और राहगीर तुरंत घटना स्थल पर पहुंचे. ग्रामीणों ने बिना वक्त गंवाए सभी पीड़ितों को संभाला और निजी वाहनों की मदद से अस्पताल पहुंचाया. डॉक्टरों के मुताबिक, बासुदेव की पत्नी प्रिया कुमारी को शरीर और सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि बासुदेव और दोनों बच्चों का इलाज भी जारी है और उनकी स्थिति स्थिर बनी हुई है.
Also Read: बिहार के 24 जिलों में आज गरज-चमक के साथ होगी तेज बारिश, 50 KMPH की रफ्तार से हवा चलने की संभावना
