Kanwar Yatra 2026 : आगामी श्रावणी यात्रा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं. कहलगांव उत्तरवाहिनी गंगा तट से बासुकीनाथ धाम जाने वाले लगभग 3,000 कांवरियों के जत्थे को ध्यान में रखते हुए पड़ाव संघ ट्रस्ट ने प्रखंड प्रशासन से धोरैया में पेयजल, बिजली, शौचालय और रात्रि विश्राम की बेहतर व्यवस्था करने का आग्रह किया है.
बीडीओ को सौंपा गया ज्ञापन
पड़ाव संघ ट्रस्ट के अध्यक्ष संतोष कुमार के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) अरविंद कुमार को ज्ञापन सौंपा. इस दौरान प्रमुख प्रतिनिधि आलोक कुमार सहित ट्रस्ट के कई सदस्य मौजूद रहे. प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से कांवरियों की सुविधाओं को प्राथमिकता देने की अपील की.
6 अगस्त को धोरैया पहुंचेगा कांवरियों का जत्था
ज्ञापन के अनुसार, कहलगांव के उत्तरवाहिनी गंगा तट से लगभग 3,000 श्रद्धालुओं का जत्था 5 अगस्त को बासुकीनाथ धाम के लिए पैदल यात्रा शुरू करेगा. यह जत्था 6 अगस्त को धोरैया पहुंचेगा, जहां रात्रि विश्राम की व्यवस्था धोरैया हाई स्कूल, मिडिल स्कूल और प्रखंड परिसर में प्रस्तावित है.
10 अगस्त को होगा जलाभिषेक
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 7 अगस्त को कांवरियों का जत्था धोरैया से पंजवारा के लिए रवाना होगा. इसके बाद यात्रा पूरी करते हुए श्रद्धालु 10 अगस्त को बासुकीनाथ धाम पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे.
इन सुविधाओं की उठाई गई मांग
पड़ाव संघ ट्रस्ट ने प्रशासन से धोरैया में कांवरियों के लिए पर्याप्त पेयजल, निर्बाध बिजली आपूर्ति, साफ-सुथरे शौचालय, रात्रि विश्राम की समुचित व्यवस्था और अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि हजारों श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े.
