कटोरिया (बांका). जिले के कटोरिया थाना अंतर्गत कांवरिया पथ पर कुरावा गांव में किशनगंज धर्मशाला के पास शुक्रवार की रात कांवर लेकर बाबाधाम जा रहे गोड्डा जिले के कांवरिया को सांप ने डस लिया. साथी कांवरिया एवं स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से जख्मी कांवरिया को कटोरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया. प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डाॅ. विनोद कुमार व डा शैलजानंद शुक्ला ने जख्मी कांवरिया का प्राथमिक उपचार किया. जख्मी कांवरिया की पहचान गोड्डा जिले के ककना गांव निवासी विनोद सिंह के 20 वर्षीय पुत्र रौशन कुमार सिंह के रूप में हुई है.
टॉर्च की रोशनी के बीच दो कांवरिया कर रहे थे सफर
गोड्डा निवासी कांवरिया रौशन सिंह एवं सहरसा जिले के एक कांवरिया राजेश शर्मा टॉर्च की रोशनी में कांवर लेकर बाबाधाम की यात्रा कर रहे थे. किशनगंज धर्मशाला से ठीक पहले बांध किनारे कांवरिया पथ से पार हो रहे सांप पर शिवभक्त रौशन कुमार सिंह का पैर रखा गया. जिससे सांप ने पैर की एड़ी में काट लिया. आननफानन में साथी कांवरिया एवं स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से जख्मी कांवरिया को अस्पताल में भर्ती कराया गया.
सूचना मिलने पर पहुंचे अन्य परिजन
चिकित्सकों के अनुसार कांवरिया को काटने वाला सांप विषैला नहीं था. बावजूद इसके कांवरिया को इमरजेंसी वार्ड में मेडिकल टीम की मॉनिटरिंग में रखकर प्राथमिक उपचार किया जा रहा है. सर्पदंश की सूचना पर जख्मी कांवरिया के फूफेरा भाई सोनू सिंह ग्राम जमुआ सहित अन्य रिश्तेदार अस्पताल पहुंचे.
