Shravani Mela 2026 : विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला के तीसरे दिन बांका का संपूर्ण कांवरिया पथ आस्था, उत्साह और शिवभक्ति का अद्भुत संगम बन गया. देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे लाखों महिला और पुरुष श्रद्धालु कंधों पर कांवर लेकर बाबा बैद्यनाथ धाम की ओर निरंतर बढ़ते रहे. पूरा मार्ग 'बोल बम' और 'हर-हर महादेव' के जयघोष से गूंजता रहा. शुक्रवार देर शाम से कांवरियों की संख्या में और अधिक वृद्धि होने के बाद कांवरिया पथ पूरी तरह केसरियामय दिखाई दिया. दिन हो या रात, श्रद्धालुओं की आस्था का प्रवाह लगातार जारी है.
सुरक्षा व्यवस्था पर प्रशासन की चौबीसों घंटे नजर
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को लेकर बांका जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है. कटोरिया स्थित जिला नियंत्रण कक्ष और जिलेबिया मोड़ के उप-नियंत्रण कक्ष से पूरे कांवरिया पथ की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है. विभिन्न स्थानों पर प्रतिनियुक्त प्रशासनिक अधिकारी और कर्मी 24 घंटे मुस्तैदी से अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं. प्रमुख स्थानों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से हर गतिविधि पर लगातार नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके.
चिकित्सा केंद्रों पर मिल रही त्वरित स्वास्थ्य सुविधा
श्रावणी मेला के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्थापित अस्थायी चिकित्सा केंद्र श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत साबित हो रहे हैं. यात्रा के दौरान थकान, कमजोरी या अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से परेशान कांवरियों की चिकित्सकों द्वारा जांच की जा रही है. जरूरतमंद श्रद्धालुओं को मौके पर ही निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे उनकी यात्रा सुरक्षित और सुगम बनी रहे.
गर्म पानी के कुंड बने श्रद्धालुओं का सहारा
लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (पीएचईडी) द्वारा बनाए गए शौचालयों और स्नानागारों की नियमित साफ-सफाई कराई जा रही है. वहीं गर्म पानी के कुंड कांवरियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं. लंबी पैदल यात्रा के बाद श्रद्धालु यहां अपने पैरों की थकान दूर कर राहत महसूस कर रहे हैं. इस सुविधा का बड़ी संख्या में शिवभक्त लाभ उठा रहे हैं.
दिन-रात एक समान, अधिकारियों ने संभाली कमान
श्रावणी मेला में अब दिन और रात का अंतर लगभग समाप्त हो चुका है. चौबीसों घंटे कांवरियों का रेला बाबा धाम की ओर बढ़ रहा है और पूरा वातावरण शिवभक्ति से सराबोर है. जिला पदाधिकारी अंशुल अग्रवाल स्वयं मेला संचालन की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं. उन्होंने सभी प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया है कि श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई गई हर सुविधा का शत-प्रतिशत लाभ मिले और किसी भी शिकायत का तत्काल समाधान किया जाए. वहीं पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार ने कांवरिया क्षेत्र का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की. उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और जवानों को यातायात, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए.
