जितेंद्र जैन ने बांधा ऐसा समां, देर रात तक झूमते रहे कांवरिया और श्रद्धालु

शिव पार्वती धाम में आयोजित भजन संध्या में कोलकाता के मशहूर गायक जितेंद्र जैन ने अपनी सुमधुर आवाज़ से ऐसा समां बांधा कि श्रद्धालु झूमने पर मजबूर हो गए. कार्यक्रम में राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकी और नृत्य-संगीत की प्रस्तुति भी हुई, जिसने संध्या को और यादगार बना दिया.

बौसी : भक्ति, संगीत और आस्था के रंग में बिहार-झारखंड की सीमा पर स्थित शिव पार्वती धाम का परिसर गुरुवार की रात देर तक सराबोर रहा. श्री श्री पागल भक्त मंडल, हावड़ा-कोलकाता की ओर से आयोजित भजन संध्या में बाबा बासुकीनाथ जाने वाले कांवरियों और स्थानीय श्रद्धालुओं ने देर रात तक भजनों का आनंद लिया.

कोलकाता के चर्चित भजन गायक जितेंद्र जैन ने अपनी सुमधुर आवाज और दमदार प्रस्तुति से ऐसा समां बांधा कि श्रद्धालु भजनों की धुन पर झूमने को मजबूर हो गये. कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने भगवान श्रीकृष्ण और राधा की मनमोहक झांकी भी नृत्य और संगीत के साथ प्रस्तुत की.

राधा कृष्ण की झांकी | Prabhat Khabar Network

भजनों की धुन पर झूम उठा शिव पार्वती धाम

कार्यक्रम की शुरुआत भक्ति गीतों के साथ हुई. जितेंद्र जैन ने ‘चली कांवरियों की टोली’, ‘श्यामली सूरत पर मोहन’ और ‘बाबा बासुकीनाथ’ समेत कई भजनों की प्रस्तुति दी. जैसे-जैसे भजनों की लय तेज होती गयी, श्रद्धालुओं का उत्साह भी बढ़ता गया. परिसर में भक्ति गीतों और जयकारों से पूरा वातावरण गूंजता रहा.

राधा-कृष्ण की आकर्षक झांकी और नृत्य-संगीत की प्रस्तुति ने भजन संध्या को और भी यादगार बना दिया. बड़ी संख्या में मौजूद श्रद्धालु देर रात तक भक्तिरस में डूबे रहे.

देश-विदेश में दे चुके हैं भजन की प्रस्तुति

जितेंद्र जैन ने बताया कि उन्हें भारत के अलावा अमेरिका, कनाडा, बैंकॉक और बांग्लादेश समेत कई देशों में भजन प्रस्तुत करने का अवसर मिल चुका है. वर्ष 1994 में तत्कालीन राष्ट्रपति आर. वेंकटरमण ने उन्हें राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित किया था. वे प्रसिद्ध गायक रवींद्र जैन और राजेंद्र जैन के भांजे हैं.

26 वर्षों से निभा रहे जलार्पण की परंपरा

श्री श्री पागल भक्त मंडल की बाबा बासुकीनाथ धाम के प्रति आस्था वर्षों पुरानी है. मंडली लगातार 26 वर्षों से बाबा बासुकीनाथ को जल अर्पित करती आ रही है. इसी परंपरा के तहत 16 अगस्त को जल भरा गया था और अब 24 अगस्त को बासुकीनाथ मंदिर में जलार्पण किया जाएगा.

मंडली के संस्थापक स्व. प्रदीप जैन थे. कार्यक्रम के दौरान शिव पार्वती धाम के पारस सोनी समेत अन्य लोगों ने अतिथियों का सम्मान किया.

यह भी पढ़ें : श्रावणी मेले के 23वें दिन उमड़ा आस्था का सैलाब, बोलबम के जयकारों से गूंजा कांवरिया पथ


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संजीव कुमार

संजीव कुमार पाठक प्रिंट माध्यम में 18 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. बौंसी (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >