बाराहाट बांका से अजय कुमार झा की रिपोर्ट :
ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित निष्पादन को लेकर बाराहाट प्रखंड क्षेत्र के औरिया पंचायत में विशेष जनसहयोग शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में जिला और प्रखंड स्तर के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे, जिन्होंने ग्रामीणों की शिकायतें सुनकर संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए. कई मामलों का ऑन-द-स्पॉट निपटारा भी किया गया.DDC और DSP ने खुद संभाला मोर्चा
शिविर की संवेदनशीलता को देखते हुए उप विकास आयुक्त उपेंद्र सिंह और मुख्यालय डीएसपी आदित्य कुमार विशेष रूप से मौके पर पहुंचे. दोनों अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं एक-एक कर सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए. शिविर में जमीन विवाद, दाखिल-खारिज, विकास योजनाओं और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों की सुनवाई की गई.
‘दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें’
DDC उपेंद्र सिंह ने कहा कि सरकार और प्रशासन का उद्देश्य गांव तक पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान करना है. उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों का मकसद यही है कि आम लोगों को छोटे-छोटे कामों के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें. शिविर में आवेदन लेने के साथ-साथ उन पर तत्काल कार्रवाई भी की गई. अधिकारियों की टीम ने समन्वय बनाकर कई लंबित मामलों का मौके पर ही निपटारा किया.कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
शिविर में प्रखंड विकास पदाधिकारी गोपाल कुमार गुप्ता, अंचल अधिकारी विकास कुमार और थाना अध्यक्ष अशोक कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे. थाना अध्यक्ष अशोक कुमार ने कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों को मौके पर ही शांत कराया, जबकि अन्य अधिकारियों ने विकास योजनाओं से जुड़ी शिकायतों की समीक्षा की.
