‘21 दिनों में हर शिकायत का समाधान करें’, सहयोग शिविर में प्रमंडलीय आयुक्त का सख्त निर्देश

Banka News : बांका के अमरपुर में आयोजित सहयोग शिविर में उस समय प्रशासनिक सख्ती देखने को मिली, जब प्रमंडलीय आयुक्त ने अधिकारियों को साफ शब्दों में चेतावनी दी कि 21 दिनों के भीतर हर शिकायत का समाधान होना चाहिए, वरना जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मियों पर कार्रवाई तय मानी जाएगी.

अमरपुर (बांका) से प्रीतम कुमार की रिपोर्ट :

बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत मंगलवार को अमरपुर प्रखंड के फतेहपुर और लक्ष्मीपुर चिरैया पंचायत सरकार भवन में सहयोग शिविर आयोजित किया गया. शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए विभिन्न विभागों के 19 काउंटर लगाए गए थे. शिविर का निरीक्षण मुंगेर प्रमंडल के आयुक्त सह भागलपुर प्रमंडल के प्रभारी आयुक्त प्रेम सिंह मीणा ने किया.

21 दिनों की तय हुई समय सीमा

निरीक्षण के दौरान प्रमंडलीय आयुक्त प्रेम सिंह मीणा ने सभी विभागीय काउंटरों पर पहुंचकर अधिकारियों से कार्यों की जानकारी ली और ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं. उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों का निष्पादन पूरी पारदर्शिता और गंभीरता से किया जाए. उन्होंने कहा कि हर शिकायत और आवेदन का समाधान 21 दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से होना चाहिए. यदि तय समय सीमा में कार्रवाई नहीं हुई तो संबंधित अधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.

पंचायत स्तर पर मिल रहीं सरकारी सेवाएं

शिविर में राजस्व, राशन कार्ड, पेंशन, मनरेगा, आवास योजना और अन्य विभागों से जुड़े काउंटर लगाए गए थे. बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं से जुड़े आवेदन जमा किए. प्रमंडलीय आयुक्त ने कहा कि सरकार की मंशा है कि आम लोगों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए प्रखंड और जिला कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें. इसी उद्देश्य से पंचायत स्तर पर सहयोग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं.

राशन कार्ड वितरण और शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई

शिविर के दौरान प्रमंडलीय आयुक्त ने नौ लाभुकों के बीच नए राशन कार्ड का वितरण किया. राशन कार्ड मिलने के बाद लाभुकों के चेहरे खुशी से खिल उठे. इसी दौरान फतेहपुर पंचायत के वार्ड सदस्य धर्मेंद्र कुमार राय ने पंचायत में बिना आमसभा योजनाएं संचालित करने का आरोप लगाते हुए लिखित शिकायत सौंपी. मामले को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त ने पंचायती राज पदाधिकारी को तत्काल जांच का निर्देश दिया.

ग्रामीणों ने की प्रशासनिक पहल की सराहना

ग्रामीणों ने बताया कि पहले छोटे-छोटे कार्यों के लिए प्रखंड कार्यालय का बार-बार चक्कर लगाना पड़ता था, लेकिन अब पंचायत स्तर पर शिविर लगने से अधिकारियों से सीधे संपर्क संभव हो पा रहा है. शिविर में बीडीओ प्रतीक राज, सीओ रजनी कुमारी, थानाध्यक्ष राकेश कुमार समेत कई अधिकारी मौजूद रहे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMIT KUMAR SINH

AMIT KUMAR SINH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >