धोरैया (बांका) से प्रदीप कुमार की रिपोर्ट
Jan Kalyan Shivir Banka: बांका जिले के धोरैया प्रखंड मुख्यालय में गुरुवार को भी बिहार सरकार की जनकल्याण अभियान के तहत प्रखंड सहयोग सह जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया. बीडीओ अरविंद कुमार के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहां आम लोगों को केंद्र और राज्य सरकार की 17 प्रमुख योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जारी रही.
17 योजनाओं का लाभ देने की पहल
बीडीओ अरविंद कुमार ने बताया कि शिविर में आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण सहित कई महत्वपूर्ण योजनाओं को शामिल किया गया है. प्रत्येक योजना के लिए अलग-अलग काउंटर बनाए गए हैं ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और सभी कार्य व्यवस्थित ढंग से संपन्न किए जा सकें.
हेल्प डेस्क और मेडिकल कैंप की सुविधा
शिविर में लोगों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क की व्यवस्था की गई है, जबकि निगरानी के लिए नोडल अधिकारी की प्रतिनियुक्ति भी की गई है. इसके अलावा मेडिकल कैंप में रक्तचाप जांच, स्वास्थ्य परामर्श और आवश्यक दवाओं का वितरण भी किया गया, जिससे ग्रामीणों को स्वास्थ्य संबंधी राहत मिली.
दस्तावेजों के साथ पहुंच रहे लाभुक
शिविर में लाभ प्राप्त करने के लिए बड़ी संख्या में लोग जॉब कार्ड, राशन कार्ड और बैंक पासबुक के साथ पहुंचे. प्रशासन की ओर से पहले से ही लोगों को आवश्यक दस्तावेजों के साथ आने की अपील की गई थी, ताकि रजिस्ट्रेशन और आवेदन प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी की जा सके.
समस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर
बीडीओ ने कहा कि शिविर का मुख्य उद्देश्य लोगों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान करना है. उन्होंने बताया कि विभिन्न विभागों के सहयोग से शिकायतों का त्वरित निष्पादन किया जा रहा है, जिससे आम लोगों को कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे.
अधिकारी और कर्मी रहे मौजूद
शिविर में राजस्व अधिकारी काजल कुमारी, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी विभाष कुमार, एमओ मदन मोहन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे. सभी ने मिलकर शिविर को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई.
Also Read: जेठ की तपती दुपहरी में सुकून के मसीहा बने बरगद और पीपल, बांका के ग्रामीण जीवन को दे रहे राहत
