मालडीह पंचायत में ई-रिक्शा और कचरा प्रबंधन व्यवस्था का किया गया निरीक्षण

Banka News : शंभुगंज के मालडीह पंचायत में स्वच्छता व्यवस्था की हकीकत परखी गई. ई-रिक्शा, पेडल रिक्शा और कचरा प्रबंधन केंद्र का निरीक्षण कर अधिकारियों ने साफ संदेश दिया कि काम करने वालों को ही भुगतान मिलेगा.

शंभुगंज (बांका) से ठाकुर बिनोद का रिपोर्ट

Banka News : बांका जिले के शंभुगंज प्रखंड अंतर्गत मालडीह पंचायत में स्वच्छ गांव-सुरक्षित जलवायु अभियान को लेकर पंचायत स्तर पर संचालित स्वच्छता कार्यों की समीक्षा की गई. पंचायत की मुखिया अनार देवी और पंचायत सचिव नागेंद्र कुमार ने लोहिया स्वच्छ बिहार मिशन के तहत उपलब्ध कराए गए ई-रिक्शा, पेडल रिक्शा और वेस्ट प्रोसेसिंग यूनिट (डब्ल्यूपीयू) का निरीक्षण किया. इस दौरान कचरा संग्रहण, खाद निर्माण और स्वच्छता कर्मियों की कार्यप्रणाली की भी जांच की गई.

ई-रिक्शा और स्वच्छता संसाधनों की हुई पड़ताल

निरीक्षण के दौरान पंचायत में संचालित ई-रिक्शा और पेडल रिक्शा की स्थिति का जायजा लिया गया. अधिकारियों ने यह देखा कि पंचायत के विभिन्न वार्डों से कचरा संग्रहण का कार्य नियमित रूप से हो रहा है या नहीं. साथ ही डब्ल्यूपीयू केंद्र में कचरे के निष्पादन और उससे जैविक खाद बनाने की प्रक्रिया की भी समीक्षा की गई.

कचरे से खाद बनाने पर दिया गया जोर

पंचायत सचिव नागेंद्र कुमार ने सभी स्वच्छता कर्मियों को निर्देश देते हुए कहा कि पंचायत के प्रत्येक वार्ड से नियमित रूप से कचरा संग्रहित कर उसे डब्ल्यूपीयू केंद्र तक पहुंचाया जाए. उन्होंने कहा कि जैविक कचरे से खाद बनाने का कार्य मिशन की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

प्लास्टिक कचरे के निस्तारण की भी तैयारी

निरीक्षण के दौरान यह भी बताया गया कि कचरा प्रसंस्करण के बाद बचने वाले प्लास्टिक कचरे को उचित निस्तारण के लिए जिला स्तर पर भेजने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी. इससे पंचायत क्षेत्र में प्लास्टिक प्रदूषण को कम करने और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने में मदद मिलेगी.

काम नहीं तो भुगतान नहीं : पंचायत सचिव

पंचायत सचिव ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जो स्वच्छता कर्मी अपने दायित्वों का निर्वहन नहीं करेंगे, उन्हें भुगतान नहीं किया जाएगा. केवल वही कर्मी भुगतान के पात्र होंगे जो सरकार के निर्धारित मानकों और नियमों के अनुसार कार्य करेंगे. इस निर्देश के बाद स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की उम्मीद जताई जा रही है.

स्वच्छता कर्मियों को दिए गए आवश्यक निर्देश

निरीक्षण कार्यक्रम में स्वच्छता पर्यवेक्षक तपन कुमार सहित पंचायत के सभी स्वच्छता कर्मी मौजूद रहे. अधिकारियों ने स्वच्छता अभियान को सफल बनाने के लिए सभी कर्मियों से सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की और पंचायत को स्वच्छ एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने पर जोर दिया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMIT KUMAR SINH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >