रेफरल अस्पताल में बेड से गिरा घायल बुजुर्ग, परिजनों का हंगामा

बौसी रेफरल अस्पताल में इलाज के दौरान बेड से गिरे बुजुर्ग मरीज के परिजनों ने स्वास्थ्य कर्मियों के साथ जमकर हंगामा और बदसलूकी की. सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया, जिसके बाद गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को बेहतर इलाज के लिए बांका रेफर कर दिया गया.

बांका, बौसी से संजीव पाठक की रिपोर्ट: बौसी स्थित रेफरल अस्पताल में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क हादसे में घायल एक बुजुर्ग मरीज बेड से नीचे गिर पड़ा. इस घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल के सुरक्षा गार्डों और स्वास्थ्य कर्मचारियों के साथ जमकर हंगामा और अभद्र व्यवहार किया. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा.

सड़क हादसे में घायल हुए थे बुजुर्ग

मिली जानकारी के अनुसार, बगडुम्मा गांव के रहने वाले 67 वर्षीय सुदामा यादव सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे. परिजनों ने उन्हें इलाज के लिए बौसी रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया था. ड्यूटी पर तैनात डॉ. अर्चना कुमारी ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बांका रेफर कर दिया था.

परिजनों की अनुपस्थिति में हुआ हादसा

बताया जा रहा है कि इलाज के दौरान परिजन बुजुर्ग को वार्ड के बेड पर छोड़कर किसी काम से बाहर चले गए थे. इसी बीच घायल सुदामा यादव अचानक बेड से नीचे गिर गए. जैसे ही परिजनों को इसकी जानकारी मिली, वे भड़क गए. पहले बेटों के बीच आपस में ही कहासुनी हुई, लेकिन देखते ही देखते उन्होंने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया.

पुलिस ने शांत कराया मामला, अस्पताल प्रबंधन करेगा कार्रवाई

हंगामे की सूचना मिलते ही बौसी पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित परिजनों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया. अस्पताल प्रशासन ने आनन-फानन में एंबुलेंस बुलाकर मरीज को बांका सदर अस्पताल भेज दिया. अस्पताल प्रबंधन ने इस घटना पर कड़ी आपत्ति जताई है और स्वास्थ्य कर्मियों के साथ बदसलूकी करने वाले परिजनों पर कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रहा है. प्रबंधन का कहना है कि वार्ड में परिजनों की गैरमौजूदगी के कारण यह हादसा हुआ.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Divyanshu Prashant

दिव्यांशु प्रशांत वर्तमान में Prabhat Khabar डिजिटल में बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। उन्होंने महात्मा गाँधी अंतर्राष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय वर्धा से पत्रकारिता में परास्नातक तथा टी. एन. बी. कॉलेज भागलपुर से हिंदी साहित्य में स्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। हिंदी साहित्य की पृष्ठभूमि होने के कारण उन्हें पढ़ने, लेखन और कविता-सृजन में विशेष रुचि है। मीडिया क्षेत्र में लगभग एक वर्ष के अनुभव के दौरान वे Dainik Jagran में न्यूज़ राइटर और रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं। करियर के शुरुआती दौर में लोकसभा और विधानसभा चुनावों से जुड़े पॉलिटिकल कंटेंट राइटिंग का विशेष अनुभव प्राप्त किया। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली लेखन के माध्यम से पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुँचाना उनकी पेशेवर पहचान है।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >