ससुराल वालों ने महिला को कमरे में बंधक बनाकर पीटा, पुलिस ने कराया मुक्त

शंभुगंज थाना क्षेत्र के मिर्जापुर पंचायत अंतर्गत जोगनी गांव में पति सहित अन्य ससुराल वालों ने एक महिला को घर के बंद कमरे में बंधक बनाकर जमकर पिटाई कर दी.

शंभुगंज. शंभुगंज थाना क्षेत्र के मिर्जापुर पंचायत अंतर्गत जोगनी गांव में पति सहित अन्य ससुराल वालों ने एक महिला को घर के बंद कमरे में बंधक बनाकर जमकर पिटाई कर दी. महिला के मायके वाले घोरघट से पहुंचे एवं पुलिस को सूचना देकर पीड़िता को मुक्त कराया. इस घटना में पीड़िता चांदनी कुमारी ने अपने पति मो मुज्जसम, देवर मो अंजुमन सहित अन्य ससुराल वालों के खिलाफ थाना में शिकायत दर्ज करायी है. पीड़िता चांदनी ने बताया कि निकाह को करीब सात वर्ष हो चुके हैं. उनके तीन संतान हैं, जिनमें एक पुत्री और दो पुत्र हैं. एक सप्ताह पूर्व उनके शौहर के चचेरे भाई की शादी हुई थी, जिसमें लड़की पक्ष द्वारा फर्नीचर, गाड़ी सहित अन्य सामान दिया गया था. इसके बाद शौहर सहित ससुराल के सभी सदस्य उन्हें ताना देने लगे. पति द्वारा मायके से एक लाख रुपये लाने की मांग भी की जाने लगी. मांग पूरी नहीं होने पर उन्हें बात-बात पर प्रताड़ित किया जाने लगा. गुरुवार को घर में सब्जी बनाने को लेकर हुए विवाद के दौरान पति ने मारपीट की और मायके से एक लाख रुपये मंगाने का दबाव बनाया. किसी तरह उन्होंने इसकी सूचना अपने मायके वालों को दी. शुक्रवार सुबह पति के जागते ही गाली-गलौज शुरू हो गयी. विरोध करने पर उन्हें कमरे में बंद कर फिर मारपीट की गयी. करीब तीन घंटे बाद मायके के लोग पहुंचे और मामले की जानकारी थाना को दी. सूचना पर डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और चांदनी को कमरे से बाहर निकाला. इसके बाद उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शंभुगंज में भर्ती कराया गया. चिकित्सक डॉ प्रणव कुमार ने महिला की स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें भागलपुर रेफर कर दिया. पुनि सह थानाध्यक्ष राज कुमार प्रसाद ने बताया कि मामला घरेलू विवाद से जुड़ा है. मामले की जांच की जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SHUBHASH BAIDYA

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >