हीटवेव से बचने के लिए बांका आइटीआइ के प्रशिक्षुओं को दिये गये टिप्स
Banka News : भीषण गर्मी और हीटवेव के बढ़ते खतरे के बीच बांका के राजकीय आइटीआइ कॉलेज में स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया. इस दौरान प्रशिक्षुओं को गर्मी से बचाव और प्राथमिक उपचार की महत्वपूर्ण जानकारी दी गयी.
बांका से मदन कुमार की रिपोर्ट
Banka News : बांका सदर प्रखंड क्षेत्र के तेलिया स्थित राजकीय आइटीआइ कॉलेज में शुक्रवार को स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में प्रशिक्षुओं, अनुदेशकों और कर्मियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया. स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बढ़ती गर्मी और हीटवेव से बचने के उपायों की जानकारी देते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी.
हीटवेव से बचाव की दी गयी जानकारी
शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छात्र-छात्राओं को बताया कि भीषण गर्मी में किस प्रकार सावधानी बरतनी चाहिए.विशेष रूप से हीटवेव लगने की स्थिति में प्राथमिक उपचार, शरीर को हाइड्रेट रखने और धूप से बचने के उपायों की जानकारी दी गयी.स्वास्थ्यकर्मियों ने लोगों से पर्याप्त पानी पीने, धूप में निकलने से बचने और हल्के भोजन लेने की अपील की.
ओआरएस का किया गया वितरण
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं के बीच ओआरएस का वितरण भी किया गया ताकि वे गर्मी और डिहाइड्रेशन से सुरक्षित रह सकें.स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बताया कि लगातार बढ़ती गर्मी में शरीर में पानी की कमी गंभीर समस्या बन सकती है, इसलिए सतर्कता जरूरी है.
संस्थान ने स्वास्थ्य को बताया प्राथमिकता
कार्यक्रम ग्रुप अनुदेशक धनंजय कुमार और गोपाल श्रीवास्तव की देखरेख में संपन्न हुआ. वहीं दीपक जी का भी आयोजन में महत्वपूर्ण योगदान रहा.इस मौके पर उप प्राचार्य सुमित कुमार ने कहा कि संस्थान के छात्र-छात्राओं का स्वास्थ्य उनकी पहली प्राथमिकता है.उन्होंने कहा कि स्वस्थ विद्यार्थी ही बेहतर शिक्षा और कौशल विकास प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही सभी से गर्मी के मौसम में स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां अपनाने की अपील की.
चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों का जताया आभार
कार्यक्रम के अंत में स्वास्थ्य जांच करने पहुंचे चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों का धन्यवाद ज्ञापित किया गया.संस्थान की ओर से कहा गया कि भविष्य में भी इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे ताकि छात्र-छात्राएं स्वास्थ्य के प्रति सजग रह सकें.