पंजवारा (बांका) : बिहार-झारखंड सीमा पर चिर नदी के तट स्थित बाबा गढ़ीनाथ महादेव मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है. शांत वातावरण और प्राकृतिक सुंदरता के बीच स्थित इस प्राचीन मंदिर में पंजवारा और बांका के साथ झारखंड के विभिन्न इलाकों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं.
स्थानीय श्रद्धालु नागेंद्र पाठक बताते हैं कि मंदिर में दर्शन करने से मानसिक शांति मिलती है. वहीं राजेश चौबे के अनुसार, बाबा के प्रति लोगों की गहरी आस्था है और श्रद्धालु शुभ कार्यों व संकट के समय मंदिर में पूजा-अर्चना करने पहुंचते हैं.
मंदिर के पुजारी व सेवादार कुंज बिहारी पाठक के मुताबिक, सावन और महाशिवरात्रि के अलावा हर सोमवार भी श्रद्धालुओं की भीड़ रहती है. मनोकामना पूरी होने पर कई भक्त विशेष श्रृंगार और रुद्राभिषेक भी कराते हैं.
पंजवारा हाई स्कूल के समीप स्थित होने के कारण मंदिर से नई पीढ़ी का जुड़ाव भी है. सावन और अन्य पर्वों पर स्थानीय विद्यार्थियों की कांवड़ यात्राएं भी यहां पहुंचती हैं. इस तरह गढ़ीनाथ मंदिर धार्मिक आस्था के साथ बिहार और झारखंड के बीच सांस्कृतिक एवं सामाजिक जुड़ाव का केंद्र बना हुआ है.
