BANKA NEWS : सड़कों पर बहती गंदगी, बदबू से त्रस्त लोग, नगर पंचायत बेखबर

नगर पंचायत क्षेत्र में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और हालात दिन-ब-दिन बदतर होते जा रहे हैं.

बांका, बौसी से संजीव पाठक की रिपोर्ट:

नगर पंचायत क्षेत्र में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और हालात दिन-ब-दिन बदतर होते जा रहे हैं. शहर की सड़कों पर फैली गंदगी और उससे उठती तीखी दुर्गंध ने लोगों का जीना दूभर कर दिया है. बावजूद इसके, नगर पंचायत प्रशासन की निष्क्रियता पर सवाल खड़े हो रहे हैं. रविवार को तो हद हो गई नगर पंचायत के बौसी बाजार स्थित स्टेशन रोड की स्थिति सबसे ज्यादा चिंताजनक हो गई. यहां मुख्य सड़क से लेकर रेलवे स्टेशन तक शौचालय का गंदा अपशिष्ट खुलेआम सड़क पर बहा दिया गया है. सड़क पर फैली गंदगी की एक लंबी काली लकीर साफ दिखाई दे रही है, जो न केवल नगर की छवि को धूमिल कर रही है बल्कि गंभीर स्वास्थ्य संकट का संकेत भी दे रही है.सड़क किनारे रहने वाले लोगों का कहना है कि दुर्गंध इतनी तेज है कि घरों में रहना मुश्किल हो गया है. खिड़कियां- दरवाजे बंद रखने के बावजूद बदबू से राहत नहीं मिल रही. बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर पंचायत की सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप है. नालियों की नियमित सफाई नहीं हो रही, कचरा उठाव की कोई ठोस व्यवस्था नहीं है. कई बार पार्षदों और नागरिकों द्वारा शिकायतें की गईं, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला, जमीनी स्तर पर कोई सुधार नहीं हुआ.सोशल मीडिया पर भी यह मुद्दा लगातार तूल पकड़ रहा है. लोग नगर पंचायत की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग कर रहे हैं.गौरतलब है कि पहले भी सफाई व्यवस्था को लेकर विरोध प्रदर्शन हो चुके हैं, लेकिन हालात जस के तस बने हुए हैं. अब आक्रोश इस कदर बढ़ गया है कि लोग नगर पंचायत को ‘नरक पंचायत’ कहकर अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं.नगरवासियों की मांग है कि प्रशासन इस गंभीर समस्या को तत्काल संज्ञान में लेकर ठोस कार्रवाई करे, जिम्मेदारों पर कार्रवाई हो और नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि शहर को इस बदहाली से बाहर निकाला जा सके.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AMIT KUMAR SINH

AMIT KUMAR SINH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >