अमरपुर में दो बाइकों की भिड़ंत में बैंक मैनेजर समेत चार युवक घायल, तीन की हालत गंभीर

Banka Accident News : अमरपुर में शुक्रवार को तेज रफ्तार का खतरनाक असर देखने को मिला, जब दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में आईसीआईसीआई बैंक के शाखा प्रबंधक समेत चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भारी भीड़ जुट गई.

अमरपुर (बांका) से प्रीतम कुमार की रिपोर्ट : अमरपुर प्रखंड के डुमरामा-तारडीह मुख्य पथ पर लक्ष्मीपुर गांव के समीप हुए भीषण सड़क हादसे में चार युवक घायल हो गए. घायलों में आईसीआईसीआई बैंक के शाखा प्रबंधक और सहायक प्रबंधक भी शामिल हैं. गंभीर रूप से घायल तीन युवकों को प्राथमिक उपचार के बाद मायागंज अस्पताल भागलपुर रेफर कर दिया गया है.

स्थानीय लोगों ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल

घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत इसकी सूचना अस्पताल को दी. इसके बाद एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को अमरपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया. अस्पताल में डॉक्टर सौरभ कुमार ने चारों घायलों का प्राथमिक उपचार किया.

तीन युवकों की हालत गंभीर, मायागंज रेफर

चिकित्सकों के अनुसार हादसे में बेगूसराय निवासी आईसीआईसीआई बैंक शाखा प्रबंधक राजेश कुमार, भागलपुर निवासी सहायक प्रबंधक राहुल झा, नारायणपुर गांव निवासी यशवंत सिंह तथा सलेमपुर गांव निवासी विशाल उपाध्याय घायल हुए हैं. इनमें राजेश कुमार, राहुल झा और यशवंत सिंह की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल भागलपुर रेफर कर दिया गया.

जांच कर लौट रहे थे बैंक अधिकारी

अस्पताल में इलाजरत शाखा प्रबंधक राजेश कुमार ने बताया कि वे अमरपुर स्थित आईसीआईसीआई बैंक शाखा में कार्यरत हैं. शुक्रवार को वे अपने सहयोगी राहुल झा के साथ बाइक से तारडीह गांव जांच कार्य के लिए गए थे. वहां से लौटने के दौरान लक्ष्मीपुर गांव के समीप सामने से तेज रफ्तार में आ रही दूसरी बाइक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी.

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह

स्थानीय लोगों का कहना है कि डुमरामा-तारडीह मुख्य पथ पर लगातार तेज रफ्तार वाहनों का परिचालन होता है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है. ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने और वाहनों की गति नियंत्रित करने की मांग की है.

जांच में जुटी पुलिस

हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मामले की जानकारी जुटाने में लग गई है. चिकित्सकों ने बताया कि समय पर इलाज मिलने से घायलों की जान बच सकी. वहीं घटना के बाद इलाके में सड़क सुरक्षा को लेकर चर्चा तेज हो गई है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Amit kumar sinh

और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >